नित्यानंद हिमाचल में गिरफ्तार, बेंगलुरू ले जाया जाएगा

कर्नाटक पुलिस की खुफिया कोर के महानिदेशक (डीजीपी) डी.वी.गुरुप्रसाद ने बेंगलुरू में आईएएनएस को बताया, "नित्यानंद और उसके सहयोगी नित्या भक्तानंद उर्फ गोपाल सीलम रेड्डी को सोलन से नई दिल्ली के रास्ते गुरुवार को विमान से बेंगलुरू ले जाया जाएगा और दोनों को रामनगाड़ा जिले में स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा।"
देखें- वो वीडियो जिसने किया नित्यानंद के सेक्स स्कैंडल का खुलासा
इसके पहले बुधवार को दिन में कर्नाटक की अपराध जांच शाखा (सीआईडी) और हिमाचल प्रदेश पुलिस के एक संयुक्त दल ने नित्यानंद और भक्तानंद को अरकी कस्बे के पास एक गांव से हिरासत में ले लिया। हिमाचल प्रदेश के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक आई.डी.भंडारी ने आईएएनएस को बताया, "नित्यानंद पिछले कुछ दिनों से एक घर में रुका हुआ था।"
नित्यानंद और भक्तानंद के साथ उनके तीन अन्य अनुयायियों को भी हिरासत में ले लिया गया। भंडारी ने बताया कि हिमाचल पुलिस को कर्नाटक पुलिस की तरफ से 17 अप्रैल को एक फैक्स मिला था जिसमें सूचना दी गई थी कि नित्यानंद हिमाचल प्रदेश में छुपा हुआ है। दो पुलिस उपाधीक्षक जांच के लिए शिमला पहुंचे थे। भंडारी ने कहा कि कर्नाटक पुलिस को नित्यानंद के ठिकाने के बारे में उसके द्वारा मोबाइल से किए गए एक फोन काल से पता चला था।
पढ़ें- सेक्स स्कैंडल से जुड़ी खबरें
कर्नाटक उच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद से ही कर्नाटक निवासी नित्यानंद (32) तीन मार्च से फरार चल रहा था। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए दो लोग दिल्ली के रहने वाले हैं। नित्यानंद और भक्तानंद को एक ट्रांजिट वारंट के लिए सोलन में स्थानीय दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया गया। गिरफ्तार किए गए पांच लोगों के पास से पांच फोन बरामद किए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि मार्च के शुरू में प्रसारित किए गए एक वीडियो फुटेज में नित्यानंद को दो महिलाओं के साथ आपत्तिजनक स्थिति में दिखाया गया था। नित्यानंद ने इन आरोपों को गलत करार दिया था। उच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत की याचिका खारिज होने के बाद उसने आश्रम के प्रमुख का पद छोड़ दिया था। नित्यानंद का आश्रम, ध्यानपीठम बेंगलुरू से लगभग 35 किलोमीटर दूर स्थित है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications