देश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुमानों के मुताबिक देश के पूर्वोत्तर हिस्सों में तेज बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और जम्मू एवं कश्मीर में गरज के साथ तेज बारिश हो सकती है।
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखण्ड में छिटपुट बारिश की संभावना जताई गई है। तटीय व दक्षिणी कर्नाटक, तमिलनाडु, लक्षद्वीप और अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में भी छिटपुट बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुमानों के मुताबिक पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बुधवार तक आंधी-तूफान के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है। उड़ीसा, तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में भी कुछ इसी तरह के मौसम की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में तापमान में अधिकतम 1-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। लेकिन देश के पूर्वी हिस्से में तापमान में कुछ खास परिवर्तन की संभावना नहीं है। देश के बाकी हिस्सों में मौसम लगातार शुष्क बना रहेगा।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 48 घंटों के दौरान असम, मेघालय और अरूणाचल प्रदेश में तूफान के साथ तेज बारिश हो सकती है। पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बुधवार तक तूफान आ सकता है या फिर मूसलाधार बारिश हो सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सíवस।