बसपा विधायक लखनऊ तलब
फैजाबाद जिले के बीकापुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक जितेन्द्र सिंह उर्फ बबलू ने कहा है कि बसपा सरकार में रुपये लेकर नौकरियां दी जाती हैं।
फैजाबाद के सुहावल में मंगलवार को आयोजित कुर्मी महासम्मेलन को संबोधित करते हुए बबलू ने कहा था, "सभी लोग इस बात से अवगत हैं कि वर्तमान बसपा सरकार में बिना पैसे के नौकरी नहीं मिलती। लेकिन इसके बावजूद मैंने क्षेत्र के कई युवकों को बिना एक रुपया लिए नौकरियां दिलवाई है।"
बबलू ने कहा, "एक कबीना मंत्री के विरोध के बावजूद मैंने लगभग 150 युवकों को नौकरियां दिलवाई। जब मैं अपनी औकात पर उतर जाता हूं तो किसी की नहीं सुनता। केवल बहन जी (मायावती) हैं ऊपर..उनकी ही सुनता हूं।"
बुधवार को स्थानीय समाचार चैनलों पर यह खबर दिखाए जाने के बाद बसपा आलाकमान द्वारा उन्हें लखनऊ तलब किया गया।
बसपा सूत्रों के मुताबिक विवादास्पद बयान को लेकर लखनऊ तलब किए गए बबलू, पार्टी आलाकमान के सामने अपनी सफाई पेश करने बुधवार दोपहर लखनऊ पहुंच गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications