अफगानिस्तान में गतिविधियां कम नहीं करेगा भारत : कृष्णा
सरकार ने कहा कि अफगानिस्तान में विभिन्न निर्माण परियोजनाओं में काम रहे 3,500 से अधिक भारतीयों की सुरक्षा के उपायों की समीक्षा की गई और सुरक्षा प्रबंधों को और कड़ा किया गया है।
विदेश मंत्री एस.एम.कृष्णा ने लोकसभा में कहा, "अफगानिस्तान में अपनी गतिविधियों को घटाने की भारत की कोई योजना नहीं है।"
उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षो के दौरान 17 भारतीयों की हत्या के बावजूद अफगानिस्तान को एक बहुलवादी, लोकतांत्रिक और समृद्ध देश बनाने के लिए वहां की सरकार और लोगों की मदद के लिए भारत प्रतिबद्ध है।
विदेश मंत्री ने सदन को बताया कि वर्ष 2008 में अफगानिस्तान में नौ भारतीयों की मौत हुई थी। इसमें से सात काबुल में भारतीय दूतावास पर हुए हमले में मारे गए थे। एक निजी कंपनी के कर्मचारी की हत्या वर्ष 2009 में की गई थी। इस वर्ष अब तक सात भारतीय मारे जा चुके हैं।
एक सवाल के जवाब में कृष्णा ने कहा कि अफगानिस्तान में मारे गए भारतीय अधिकारियों के परिवारों को पूरी वित्तीय मदद और अन्य सहायता उपलब्ध कराई गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications