बेनजीर की हत्या के लिए जिम्मेदार नहीं : मुशर्रफ
इस्लामाबाद, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो की हत्या के लिए उनको जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता क्योंकि 27 दिसंबर 2007 को हुई इस घटना के समय वह सरकार और सेना दोनों के ही प्रमुख नहीं थे।
पूर्व राष्ट्रपति के पूर्व सहयोगी के हवाले से समाचार पत्र 'द न्यूज' ने बुधवार को कहा कि मुशर्रफ का नजरिया है कि उस समय सरकार का नेतृत्व कर रहे लोगों से पूर्व प्रधानमंत्री की हत्या की सुरक्षा खामियों के बारे में सवाल पूछे जाने चाहिए।
उस समय प्रधानमंत्री शौकत अजीज थे लेकिन सभी शक्तियां मुशर्रफ के हाथों में थीं।
भुट्टो की हत्या की जांच करने वाले संयुक्त राष्ट्र के एक आयोग ने अधिकारियों पर उनकी सुरक्षा के पर्याप्त उपाय नहीं करने का आरोप लगाया।
संयुक्त राष्ट्र में चिली के राजदूत हेराल्डो मुनोज की अध्यक्षता वाला तीन सदस्यीय आयोग इस निष्कर्ष पर पहुंचा कि भुट्टो के लिए रावलपिंडी में राजनीतिक रैली का आयोजन करने वाले और उसके प्रायोजक ही उन पर हमले के पीछे थे।
आयोग की 15 अप्रैल को जारी रिपोर्ट में कहा गया कि हमले के बाद मुशर्रफ सरकार ने इसके लिए तत्काल अलकायदा और स्थानीय तालिबान कमांडर बैतुल्ला मेहसूद को जिम्मेदार ठहराया जबकि भुट्टो के शत्रुओं सहित सरकार के तत्वों के भी इसमें शामिल होने की संभावना थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications