माकपा और तृणमूल कार्यकर्ताओं में भिडंत, 2 मरे
कोलकाता, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में बुधवार तड़के मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच भिडंत में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
जिले के पुलिस अधीक्षक रवीन्द्र नाथ मुखर्जी ने आईएएनएस को बताया कि डबराजपुर प्रखण्ड के चानुच गांव में दोनों गुटों के कार्यकर्ताओं में किसी बात को लेकर उत्पन्न हुए विवाद ने हिंसा का रुप ले लिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक व्यक्ति की मौत आदमपुर गांव में हो गई जबकि दूसरे पीड़ित की पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक माकपा कार्यकर्ताओं ने दावा किया है कि मृतक व्यक्ति उनकी पार्टी का समर्थक है जो ग्रामीणों के एक समूह का नेतृत्व कर रहा था। जब वह चानुच गांव में पहुंचा तो उसपर हमला कर दिया गया।
तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेता ने कहा है कि चानुच गांव में माकपा कार्यकर्ताओं की भीड़ पर असामाजिक तत्वों द्वारा हमला किया गया था। हमलावरों के कारण ही दो व्यक्ति मारे गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications