बस्तर में सरकार का कोई अस्तित्व नहीं : कांग्रेस
दंतेवाड़ा में छह अप्रैल को नक्सलियों के हाथों 76 सुरक्षाकर्मियों के मारे जाने की घटना के बाद कांग्रेस के एक दल ने वहां का दौरा किया। राज्य कांग्रेस के अध्यक्ष धनेंद्र साहू ने पत्रकारों से कहा, "विशाल बस्तर क्षेत्र में सरकार का कोई अस्तित्व नहीं है, वहां पूरी तरह नक्सल राज है।"
उन्होंने कहा कि नक्सली वहां शासन चला रहे हैं और अपनी इच्छानुसार सुरक्षा बलों पर हमला कर रहे हैं। गरीब जनजातीय लोग नक्सलियों के भय से अपने पुश्तैनी घरों से पलायन कर रहे हैं।
कांग्रेस की राज्य इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा और नेता विपक्ष रवींद्र चौबे के साथ संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए साहू ने नक्सलवाद पर काबू पाने में विफलता के लिए भाजपा सरकार की आलोचना की।
कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि सरकार नक्सलियों पर लगाम कसने या बस्तर इलाके में विकास करने में पूरी तरह विफल रही है।
छत्तीसगढ़ का बस्तर क्षेत्र 1980 के दशक के आखिर से ही नक्सलियों का गढ़ बना हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications