कांग्रेस की पुस्तिका में अंबेडकर के नाम का जिक्र तक नहीं : बसपा
बसपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्य के पंचायती राज मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने लखनऊ में मंगलवार को एक बयान जारी कर कहा कि कांग्रेस ने स्थापना के 125 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रकाशित अपनी पुस्तिका में केवल नेहरू-गांधी परिवार का गुणगान किया है।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पुस्तिका में डॉ. अम्बेडकर, जगजीवन राम और मौलाना अबुल कलाम जैसे नेताओं के योगदान का उल्लेख तक नहीं है।
मौर्या ने कहा कि कांग्रेस ने इस पुस्तिका को जारी करने के लिए दलितों के मसीहा भीमराव अम्बेडकर की जयंती (14 अप्रैल) का दिन चुना, लेकिन पुस्तिका में उनके योगदान के बारे में एक शब्द नहीं लिखा।
बसपा अध्यक्ष ने कहा कि अम्बेडकर नगर में कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने यह पुस्तिका जारी करने से पहले अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण तो किया लेकिन अपने संबोधन में अंबेडकर जी के प्रति सम्मान सूचक शब्दों का प्रयोग नहीं किया। इससे बाबा साहब के करोड़ों अनुयायियों को गहरी ठेस पहुंची है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications