भाजपा कार्यकर्ता विशेष रेलगाड़ियों से दिल्ली रवाना
भाजपा के वरिष्ठ नेता मंगलवार को ही दिल्ली पहुंच चुके हैं ताकि व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर लिया जाए और मध्य प्रदेश से पहुंचने वाले कार्यकर्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो। भाजपा ने 21 अप्रैल की रैली में हिस्सा लेने के लिए कार्यकर्ताओं को दिल्ली भेजने के लिए विशेष रेलगाड़ियां आरक्षित कराईं हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ईश्वर दास रोहाणी के नेतृत्व में जबलपुर से कार्यकर्ता विशेष रेलगाड़ी से दिल्ली के लिए रवाना हुए। इस मौके पर रोहाणी ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण महंगाई बेकाबू हो गई है और आम आदमी को दो वक्त की रोटी का इंतजाम मुश्किल हो गया है। भाजपा की यह रैली केंद्र सरकार को महंगाई पर नियंत्रण के उपाय करने के लिए मजबूर करेगी।
रीवा से भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष रामोराम गुप्ता, सिरमौर विधायक अभय मिश्रा व विधायक सिमरिया राम लल्लू वैश्य के नेतृत्व में कार्यकर्ता विशेष रेलगाड़ी से रवाना हुए। इंदौर, भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर के अलावा प्रदेश के अन्य इलाकों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता अलग-अलग साधनों से दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications