कम अंक पाने वाले छात्रों को टीसी थमाई
कैम्पियन स्कूल की कक्षा 11 में पढ़ने वाले 50 से अधिक छात्र ऐसे हैं जिनके नतीजे या तो अच्छे नहीं रहे हैं या वे अनुत्तीर्ण हो गए हैं। इन सभी छात्रों को प्रबंधन ने टीसी थमा दी है। स्कूल प्रबंधन की इस कार्रवाई से नाराज अभिभावक स्कूल पहुंच गए और प्रबंधन द्वारा उनका पक्ष न सुने जाने पर उन्होंने धरना दिया।
अभिभावकों का आरोप है कि 12वीं की बोर्ड परीक्षा का नतीजा बेहतर रहे, इसके लिए स्कूल प्रबंधन ने यह कार्रवाई की है। उनका आरोप है कि कमजोर छात्रों के कारण परीक्षा परिणाम खराब हो सकता है, लिहाजा उनकी प्रतिष्ठा दांव पर लग सकती है। अपनी प्रतिष्ठा को बचाने के लिए ही प्रबंधन ने बच्चों का भविष्य दांव पर लगा दिया है।
अभिभावकों का कहना है कि उनके बच्चों ने शुरू से लेकर कक्षा 11 तक की पढ़ाई कैम्पियन स्कूल में की है और अब उनके सामने सवाल यह है कि अगली कक्षा में उन्हें कौन दाखिला देगा। वहीं इस सिलसिले में स्कूल प्रबंधन से संपर्क किया गया तो कोई बात करने के लिए ही तैयार नहीं हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications