ओबामा के ट्विटर का सेंधमार गिरफ़्तार

अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा सहित कई अन्य मशहूर हस्तियों के ‘ट्विटर’ एकाउंट हैक करने के आरोप में एक फ़्रांसीसी युवक को गिरफ़्तार किया गया है.
इस मामले में गिरफ़्तार किए गए युवक को जेल की सज़ा भी हो सकती है.
पच्चीस साल के इस बेरोज़गार युवक को मंगलवार को गिरफ़्तार किया गया. इसके लिए फ़्रांस की पुलिस ने अमरीकी जाँच एजेंसी एफ़बीआई के एजेंटों के साथ मिलकर कई महीने तक जाँच-पड़ताल की.
पासवर्ड का अंदाजा
कहा जा रहा है कि युवक ने ब्लॉगिंग की इस छोटी साइट से उपयोगकर्ताओं के पासवर्ड का अंदाजा़ लगाकर हैक किया.
इस युवक ने ओबामा के साथ-साथ जिन मशहूर लोगों के ट्विटर एकाउंट को हैक किया उनमें पॉप गायिका ब्रिटनी स्पीयर्स का आकउंट भी शामिल है.
पूछताछ के बाद पुलिस इस युवक को 24 जून को क्लेरमोंट फेर्रैंड की अदालत मे पेश करेगी.
किसी डेटाबेस को हैक करना फ़्रांस में अपराध है और इसके लिए दो साल तक की सज़ा हो सकती है.
फ्रांस के साइबर धोखाधड़ी विभाग के प्रमुख ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया, ''युवक ने हैकिंग का कोई प्रशिक्षण नहीं लिया था.''
जाँचकर्ताओं के मुताबिक़ युवक ने ट्विटर के इन खातों को हैक करने के लिए पासवर्ड याद कराने वाले सवालों का अंदाज लगाकर यह काम किया था.












Click it and Unblock the Notifications