आरक्षण को लेकर गुर्जरों का बेमियादी महापड़ाव शुरू
समिति के नेता कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला ने कहा है कि यदि सरकार 26 मार्च को शाम पांच बजे तक आरक्षण का ऐलान नहीं करती है तो गुर्जर समुदाय के लोग जयपुर विधानसभा की तरफ कूच करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी सरकार पर होगी। अजमेर के पुष्कर में 26 मार्च महापड़ाव प्रस्तावित है।
इधर, सरकार ने प्रस्तावित आंदोलन से निपटने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के पुख्ता इंतजाम किए हैं। दौसा में जहां पुलिस प्रशासन को सतर्क कर दिया गया है वहीं गुर्जर बाहुल अलवर, भरतपुर, अजमेर, करौली, सवाईमाधोपुर, धौलपुर, कोटा, बूंदी, झालावाड़, सीकर और झुंझनु जिले में पुलिस व जिला प्रशासन को सतर्क कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने स्थानीय समाचार पत्रों में एक पेज की अपनी अपील में गुर्जर समाज के लोगों को समझाने की कोशिश की है। अपील में मुख्यमंत्री ने आरक्षण मामले में राज्य सरकार की मजबूरी बताते हुए इस साल के बजट में गुर्जर व अन्य पिछड़ी जातियों के लिए किए गए प्रावधानों और कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र किया है।
जयपुर कूच में गाजीपुर पावटा से पैदल मार्च में भरतपुर, करौली, बयाना, दौसा, बांदीकुई, सवाई माधोपुर और हिण्डौन तक के गुर्जर शामिल होंगे। कर्नल बैंसला की पूर्व घोषणा के मुताबिक अजमेर जिले के पुष्कर क्षेत्र में भी महापंचायत जुटेगी, जिसका नेतृत्व संघर्ष समिति के जिला संयोजक ओमप्रकाश भड़ाना करेंगे।
अजमेर, भीलवाड़ा, नागौर, मकराना आदि क्षेत्र के गुर्जरों के साथ रेबारी, बंजारा, गड़ेड़िया, लुहार भी महापंचायत में शरीक होंगे। अलवर, कोटपूतली, बानसूर की महापंचायत दिल्ली रोड पर होगी, जिसका स्थान अभी गोपनीय रखा गया है। टोंक, सवाई माधोपुर, कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़ के गुर्जरों की महापंचायत टोंक जिले में रखने की तैयारी कर ली गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications