लालटेन लेकर आंध्र विधानसभा पहुंचे विपक्षी विधायक
पूर्व मुख्यमंत्री एन.चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व में तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के विधायकों ने विधानसभा के सामने लालटेन और नकली ट्रांसफर्मर के साथ प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने विधानसभा में भी इस मुद्दे को उठाया।
प्रजा राज्यम पार्टी (पीआरपी) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया।
विद्युत आपूर्ति में कटौती के मामले पर विपक्षी दलों ने स्थगन प्रस्ताव की मांग की, जिसे विधानसभा अध्यक्ष एन.किरणकुमार रेड्डी ने खारिज कर दिया। इसके बाद विपक्षी सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया, जिसे देखते हुए उन्होंने कार्यवाही स्थगित कर दी।
इससे पहले नायडू ने कहा कि राज्य में विद्युत आपूर्ति की स्थिति बेहद खराब है। उधर, इसी मुद्दे पर पीआरपी अध्यक्ष के.चिरंजीवी ने आंध्र प्रदेश ट्रांसमिशन कॉरपोरेसन के मुख्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया।
उल्लेखनीय है कि विद्युत विभाग ने हैदराबाद में प्रतिदिन दो घंटे, अन्य शहरों में पांच घंटे और ग्रामीण इलाकों में छह घंटे विद्युत कटौती की घोषणा की है।
बिजली की कमी को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी औद्योगिक कार्यालयों को हफ्ते में एक दिन बिजली का इस्तेमाल नहीं करने का निर्देश दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications