सोनिया ने शिलांग में किया विशिष्ट सुविधा वाले अस्पताल का उद्घाटन
शिलांग, 5 मार्च (आईएएनएस)। संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शुक्रवार को मेघालय में 500 बिस्तरों वाले विशिष्ट सुविधा से लैस एक अस्पताल का उद्घाटन किया। पूर्वोत्तर में यह अपने तरह का पहला अस्पताल होगा। यह अस्पताल इस क्षेत्र को सर्वोत्तम स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराएगा।
मेघालय की राजधानी शिलांग में उद्घाटित उत्तर पूर्वी इंदिरा गांधी क्षेत्रीय स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विज्ञान संस्थान (एनईआईजीआरआईएचएमएस) को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) और चण्डीगढ़ के स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं शोध संस्थान (पीजीआईएमईआर) की तर्ज पर डिजाइन किया गया है।
इस अस्पताल के निर्माण पर 420 करोड़ रुपये की लागत आई है। इस अस्पताल में 30 बिस्तरों वाली गहन चिकित्सा इकाई और 35 विशिष्ट और अति विशिष्ट विभाग हैं। अस्पताल में 68 वरिष्ठ चिकित्सक और 70 कनिष्ठ चिकित्सक तथा 39 संकाय सदस्य होंगे।
सोनिया गांधी ने उद्घाटन के मौके पर कहा, "इस चिकित्सा संस्थान के उद्घाटन के साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत राजीव गांधी का सपना साकार हो उठा है।"
गांधी ने कहा, "यह संस्थान स्वास्थ्य देखभाल के एक विशिष्ट केंद्र के रूप में है। यह केंद्र पूर्वोत्तर भारत में सर्वोत्तम स्वास्थ्य सेवा सुविधाओं से सुसज्जित होगा।"
गांधी ने कहा, "चिकित्सा और कई तरह की स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के अलावा यह संस्थान शोध और विकास में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।"
गांधी ने कहा, "संप्रग सरकार ने पूर्वोत्तर भारत के सर्वागीण विकास के लिए विशेष ध्यान दिया है।"
ज्ञात हो कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने शिलांग दौरे के दौरान 22 जनवरी, 2000 को एनईआईजीआरआईएचएमएस को एक राष्ट्रीय संस्थान घोषित किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications