पैराशूट ना खुलने से हुई पायलट की मौत

एयर शो के दौरान हादसा, 2 पायलट की मौत
पुलिस के अनुसार विमान 'एचजेटी-16 किरण एमके 2' हादसे का शिकार हुआ। विमान के पायलट कमांडर एस. के. मौर्य और सह पायलट लेफ्टिनेंट कमांडर राहुल नायर इस हादसे में मारे गए। इस विमान का निर्माण हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स द्वारा किया गया था। विमान बेगमपेट हवाई अड्डे के निकट बोवेनपल्ली इलाके में एक इमारत के निकट दुर्घटनाग्रस्त हुआ, जिसके बाद विमान में मौजूद सैकड़ों लीटर ईंधन से इमारत में आग लग गई।
नहीं खुला पैराशूट
दोनों पायलटों के जले शव सुरक्षाकर्मियों ने बरामद कर लिया। जमीन पर भी इस हादसे की चपेट में आने से चार लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक पायलट विमान से बाहर आ गया था वह नीचे उतर रहा था लेकिन उसका पैराशूट नहीं खुला।
विमान के इमारत से टकराने की वजह से कुछ लोग घायल हो गए। इमारत का एक हिस्सा ढह गया। विमान का मलबा एक कार पर गिरा। कार में उस समय कोई बैठा नहीं था। इस हादसे के समय हजारों लोग एयर शो देख रहे थे। यह विमान नौसेना के एयरोबैटिक्स दल का हिस्सा था।
मौजूद थे टिमोथी
हादसा के समय समारोह में अमेरिकी राजदूत टिमोथी जे. रोमर, नागरिक उड्डयन मंत्री प्रफुल्ल पटेल, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के. रोसैय्या भी मौजूद थे। रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी वक्तव्य में कहा गया कि दुर्घटना के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उन्होंने तेज आवाज सुनी और विमान को नीचे गिरते देखा। हादसे के दौरान बेगमपेट हवाईअड्डे के समीप धुआं उठता दिखाई दिया। हैदराबाद में दो साल के भीतर यह ऐसा दूसरा हादसा है इससे पहले सितंबर 2008 में एक उड़ान प्रशिक्षक और एक प्रशिक्षु की एक छोटे विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से मौत हो गई थी।












Click it and Unblock the Notifications