पुरुषों से तेज हैं महिलाएं!
लंदन, 24 फरवरी (आईएएनएस)। सामान्य ज्ञान की योग्यता जांचने के लिए पांच महीने तक चले एक ऑनलाइन गेम से उजागर हुआ है कि महिलाएं पुरुषों से तेज होती हैं।
समाचार पत्र 'डेली एक्सप्रेस' के बुधवार को प्रकाशित अंक के मुताबिक दुनियाभर में हुए 'ट्रिविएल परसूट' ऑनलाइन गेम में लाखों लोगों ने सामान्य ज्ञान में अपनी योग्यता जांचने के लिए हिस्सा लिया था। इस गेम में महिलाओं को सर्वोच्च स्थान मिला था।
इस गेम की वैश्विक वरिष्ठ विपणन प्रबंधक कैटरीना लाइन्स ने कहा है कि बुद्धिमान लोगों के एक दल में शामिल करने के लिए लोगों के लिए यह ऑनलाइन गेम कराया गया था।
उन्होंने बताया कि इस ऑनलाइन गेम में शामिल लोगों को अपने दल के समर्थन में एक दिन में एक, 10 या 100 प्रश्नों का उत्तर देना थे। इस प्रतियोगिता में महिलाओं ने जीत हासिल की।
महिलाओं ने 4,088,139 प्रश्नों के सही उत्तर देकर यह जीत हासिल की है। जबकि पुरुषों ने 4,077,596 प्रश्नों के सही जवाब दिए।
महिलाओं ने मनोरंजन श्रेणी में 56.8 प्रतिशत, विज्ञान एवं प्रकृति श्रेणी में 54.4 प्रतिशत सही जवाब दिए थे जबकि लोगों व स्थानों से संबद्ध श्रेणी में उन्होंने केवल 41.7 प्रतिशत सही जवाब दिए थे।
पुरुषों ने विज्ञान एवं प्रकृति श्रेणी में 57 प्रतिशत, मनोरंजन श्रेणी में 56.7 और खेल एवं अन्य श्रेणी में 54.8 प्रतिशत सही जवाब दिए थे।
जब पुरुषों से भूगोल, लोगों और स्थानों से सम्बद्ध प्रश्न पूछे गए तो उन्होंने केवल 49.9 प्रतिशत सही जवाब दिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications