नक्‍सलियों ने बातचीत के लिए दिया अपना फोन नंबर

Maoists
नई दिल्ली/कोलकाता। नक्सलियों की ओर से संघर्ष विराम के प्रस्ताव का ऐलान किए जाने के एक दिन बाद केंद्र सरकार ने कहा है कि अगर नक्सली हिंसा छोड़ते हैं तो सरकार उनके साथ बिना शर्त बातचीत को तैयार है।

इसके साथ ही सरकार ने संपर्क हेतु नक्सलियों के लिए एक फैक्स नंबर जारी कर दिया। इसके जवाब में नक्सलियों ने भी सरकार को एक मोबाइल फोन नंबर दे दिया और कहा कि सरकार बातचीत के लिए उनसे उक्त नंबर पर बात कर सकती है। उधर नक्सली नेता किशनजी द्वारा 72 घंटे के संघर्ष विराम का प्रस्ताव दिए जाने के कुछ ही घंटों बाद हथियारबंद नक्सलियों ने पश्चिम बंगाल के पश्चिम मिदनापुर जिले में सोमवार देर रात सुरक्षा बलों के एक शिविर पर हमला कर दिया।

पढ़ें- संघर्षविराम के प्रस्ताव के बाद हमला

गृह मंत्रालय की ओर से मंगलवार को जारी एक बयान में केंद्रीय गृह मंत्री पी.चिदंबरम ने कहा कि नक्सलियों को इस बारे में स्पष्ट बयान देना चाहिए। उन्होंने कहा, "भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) की ओर से हिंसा छोड़ने का बयान आ रहा है, इसके बारे में मेरा साधारण तौर पर यही कहना है कि हम वार्ता के लिए तैयार हैं। मैं वार्ता के लिए कोई किंतु-परंतु और शर्त पसंद नहीं करूंगा।"

बयान में चिदंबरम ने कहा, "मैं चाहूंगा कि इस बयान को 011-23093155 पर फैक्स किया जाए। एक बार बयान मुझे मिल जाएगा तो मैं प्रधानमंत्री और दूसरे सहयोगियों से बात करूंगा और उसके मुताबिक जवाब दूंगा।"

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पश्चिम मिदनापुर जिले के कटापहाड़ी इलाके में सोमवार रात लगभग 10.30 बजे नक्सलियों ने पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के शिविर पर हमला किया। दोनों ओर से लगभग दो घंटे तक गोलीबारी हुई। गोलीबारी में एक संदिग्ध नक्सली की मौत हो गई है।

राज्य के पुलिस महानिरीक्षक भूपिंदर सिंह ने आईएएनएस को बताया, "हमें अनुमान है कि सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए हैं, लेकिन नक्सली दो शवों को उठा ले गए हैं।" सिंह ने कहा, "घटनास्थल के पास से केवल एक शव बरामद हुआ है। शव की पहचान लालमोहन तुडू के रूप में हुई है। तुडू पुलिस संत्रास विरोधी जनसाधारण समिति (पीसीएपीए) का अध्यक्ष है।"

गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने कहा कि नक्सली नेताओं की ओर से संघर्ष विराम से जुड़े कई बयानों को देखा है। एक अधिकारी ने कहा, "अभी कोई पुख्ता बयान नहीं आया है। सरकार इन बयानों का जवाब देने में असमर्थ है।"

72 दिनों के संघर्षविराम का ऐलान

उल्लेखनीय है कि सोमवार को नक्सलियों ने 25 फरवरी से सात मई के बीच 72 दिनों के संघर्ष विराम के प्रस्ताव का ऐलान किया लेकिन उन्होंने शर्त रखी कि सरकार को उनके खिलाफ अभियान को रोकना पड़ेगा। किशनजी ने बुद्धिजीवियों से भी आगे आकर बातचीत में मध्यस्थता करने की अपील की है। नक्सलियों ने सरकार द्वारा दिए गए फैक्स नंबर के जवाब में केंद्र सरकार को एक मोबाइल नंबर दे दिया।

सूत्रों के अनुसार भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के पोलित ब्यूरो सदस्य कोटेश्वर राव उर्फ किशनजी ने केंद्र सरकार से कहा है कि यदि वह नक्सलियों के साथ शांति वार्ता को आगे बढ़ाना चाहती है तो उक्त नंबर पर 25 फरवरी को संपर्क करें।

किशनजी ने कहा है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय को नक्सलियों से 9734695789 पर गुरुवार अपराह्न् ठीक पांच बजे बात करनी होगी। इस बीच पीसीएपीए के सदस्यों ने लालमोहन तुडू की मौत के विरोध में बांकुरा, पुरुलिया और पश्चिम मिदनापुर जिलों में बुधवार से अगले सात दिनों के लिए पूर्ण बंद का आह्वान किया है।

यह पूछे जाने पर कि क्या पीसीएपीए द्वारा आयोजित बंद के बारे में कोई जानकारी है, इस पर पुलिस महानिदेशक भूपिंदर सिंह ने कहा, "हमें बंद के बारे में कोई पुष्ट जानकारी नहीं प्राप्त हुई है। लेकिन हमने सुना है कि उन्होंने स्कूलों और सभी आवश्यक संसाधनों को बंद के दायरे से मुक्त रखा है।"

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+