गुलाब महोत्सव के लिए उत्साहित है चण्डीगढ़
अल्केश शर्मा
चण्डीगढ़, 24 फरवरी (आईएएनएस)। चण्डीगढ़ उत्साह के साथ गुलाब महोत्सव की तैयारियां कर रहा है। तीन दिवसीय गुलाब महोत्सव यहां शुक्रवार से शुरू होगा।
यहां आयोजित होने जा रही 38वीं वार्षिक पुष्प प्रदर्शनी में बॉलीवुड के कलाकार संगीत व नृत्य प्रस्तुतियां देंगे जबकि गोवा की एक स्टंट नृत्य मंडली भी अपनी प्रस्तुति देगी। इस दौरान एक फैशन शो भी होगा।
चण्डीगढ़ के गृह एवं पर्यटन सचिव राम निवास ने आईएएनएस से कहा, "गुलाब महोत्सव चण्डीगढ़ के उत्सवों के कैलेंडर का अभिन्न हिस्सा है। इसे बड़ी सफलता बनाने के लिए हमारी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस समारोह को रंग देने के लिए हमने बॉलीवुड के प्रमुख कलाकारों को भी आमंत्रित किया है।"
उन्होंने बताया, "प्रसिद्ध अभिनेत्री गुल पनाग समारोह की अतिथि होंगी। वह यहीं की रहने वाली हैं। उनके अलावा कोएना मित्रा और कुनाल गांजावाला प्रस्तुतियां देंगे। मुंबई के प्रसिद्ध डिजाइनर लिबास और अनामिका रावल एक फैशन शो आयोजित करेंगे। गोवा का एक नृत्य समूह भी अपनी प्रस्तुति देगा।"
प्रशासन को उम्मीद है कि इस तीन दिवसीय महोत्सव में प्रति दिन हजारों आगंतुक आएंगे। यहां एक फोटोग्राफी प्रतियोगिता, पेंटिंग प्रतियोगिता, गुलाबों में राजकुमार और राजकुमारी चुनने के लिए प्रतिस्पर्धा, पतंगबाजी प्रतियोगिता, गुलाब प्रश्नोत्तरी, संगीत समारोह और अंताक्षरी का भी आयोजन होगा।
चण्डीगढ़ के सेक्टर 16 स्थित गुलाब उद्यान को 1967 में स्थापित किया गया था। इसे पूर्व राष्ट्रपति के नाम पर जाकिर हुसैन गुलाब उद्यान भी कहा जाता है। यह उद्यान 46 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है और इसमें 17,000 पौधे हैं। यहां गुलाब की 800 प्रजातियों के पौधे हैं।
अधिकारियों के मुताबिक यह एशिया का सबसे बड़ा गुलाब उद्यान है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications