मध्य प्रदेश में आईएएस अफसर सहित 2 निलंबित (लीड-1)
राजस्व मंडल ग्वालियर में सदस्य के पद पर तैनात राजौरा के आवास पर आयकर विभाग ने छापे मारे थे। तब वे स्वास्थ्य विभाग के संचालक हुआ करते थे। आयकर विभाग ने राजौरा सहित अन्य लोगों के यहां मारे गए छापों के संदर्भ में सोमवार को ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यालय को अपनी रिपोर्ट सौंप दी थी।
आधिकारिक तौर पर जारी किए गए बयान में कहा गया है कि राजौरा का आचरण अखिल भारतीय सेवाओं (आचरण) नियम के विपरीत पाया गया है। उसी के बाद बुधवार को राजौरा को निलंबित किया गया है।
इसी तरह स्वास्थ्य संचालक अशोक शर्मा के आवास पर भी आयकर के छापे पड़े थे। सरकारी बयान में कहा गया है कि शर्मा के खिलाफ लोकायुक्त में छह मामलों की जांच चल रही है वहीं आयकर विभाग के छापों में आय से अधिक की संपत्ति का खुलासा हुआ है।
गौरतलब है कि पिछले दिनों ही आईएएस दंपति अरविंद जोशी व टीनू जोशी के आवास पर आयकर विभाग ने छापे मारकर करोड़ों की नकदी पाई थी और लॉकरों से भी करोड़ों की संपत्ति का खुलासा हुआ था। उसके बाद राज्य सरकार ने दोनों को निलंबित कर दिया था। अब राजौरा को निलंबित किया गया है। इस तरह एक माह में तीन आईएएस सहित चार लोग निलंबित किए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications