ऑनलाइन खरीददारी पर मिलने वाली रियायत से आकर्षित हैं युवा
शिल्पा रैना
नई दिल्ली, 24 फरवरी (आईएएनएस)। आधुनिक भारतीय युवा उपहारों और फूलों की खरीददारी तो ऑनलाइन कर ही रहे हैं लेकिन क्या कपड़े की खरीददारी भी इस तरह हो सकेगी? आमतौर पर कपड़ों को छूकर और पहनकर खरीदा जाता है लेकिन भारी-भरकम छूट की वजह से कई लोग अब कपड़े भी ऑनलाइन खरीदने लगे हैं।
ऑनलाइन बिक्री करने वाली वेबसाइट '99 लेबल्स डॉट कॉम' और 'फैशनएण्डयू डॉट कॉम' कपड़ों के अलावा बेल्ट, बैग, परफ्यूम और घड़ी जैसे सामानों पर 70 फीसदी की छूट दे रही हैं। इनके पास देशी-विदेशी कई ब्रांड मौजूद हैं, जो लोगों को ऑनलाइन खरीददारी के लिए आकर्षित करती है।
ऑनलाइन कारोबार करने वाली कंपनी 99 लेबल्स डॉट कॉम की उप सह संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी इशिता स्वरूप बताती हैं कि कपड़े की खरीदारी में अभी कुछ अड़चनें आ रही हैं, लेकिन वक्त के साथ चीजें अब बदल रही हैं।
स्वरूप ने आईएएनएस को बताया, "भारत में ऑनलाइन खरीददारी अभी शुरुआती दौर में है, वहीं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर इसकी सहज स्वीकार्यता है। व्यापक शोध के बाद इसे भारतीय बाजार में शुरू किया गया, जिससे हम ग्राहकों को वेबसाइट पर कई सुविधाएं मुहैया करा पाने में सक्षम हो पाए हैं। इससे ग्राहकों को कपड़े की ऑनलाइन खरीददारी करने में आसानी होगी।"
उन्होंने कहा, "जैसे-जैसे इंटरनेट का इस्तेमाल बढ़ेगा उसी तरह ऑनलाइन खरीददारी के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।"
अब तक बैग, बेल्ट व परफ्यूम की ऑनलाइन खरीददारी को तवज्जो देने वाले युवा कपड़ों की खरीददारी भी इसी माध्यम से करने लगे हैं।
फैशनएण्डयू डॉट कॉम की मुख्य कार्यकारी अधिकारी पर्ल उप्पल इससे सहमत हैं कि भारतीय उपभोक्ता वस्तुओं को छूकर और पूरी तरह से जांच-परखकर खरीददारी करने में विश्वास करते हैं।
उप्पल ने कहा, "भारतीय उपभोक्ता कीमतों को लेकर बहुत सजग हैं। साथ ही जांच-परखकर ही कुछ खरीदते हैं लेकिन हम उन्हें इतनी बढ़िया वस्तुएं मुहैया करा रहे हैं कि यह समस्या छोटी पड़ जाती है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications