टोयोटा प्रमुख ने माफी मांगी
वाशिंगटन, 24 फरवरी (आईएएनएस)। टोयोटा के प्रमुख अकियो टोयोडा ने कार के मॉडलों में गड़बड़ी के कारण हुई दुर्घटनाओं के लिए मंगलवार को माफी मांगते हुए स्वीकार किया कि शायद कंपनी का अधिक तेजी से विस्तार हुआ।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार अमेरिकी कांग्रेस के सामने बुधवार को सुनवाई से पहले जापानी मोटर कंपनी के संस्थापक के पोते अकियो टोयोडा ने कहा कि सभी टोयोटा वाहनों के साथ उनका नाम जुड़ा है और किसी भी कार का नुकसान उनके लिए व्यक्तिगत क्षति के समान है।
हाउस के निगरानी समिति के सामने सुनवाई से पहले जारी एक बयान में टोयोडा ने कहा कि पिछले कुछ वर्षो में टोयोटा का जोर तेज विस्तार पर रहा और हो सकता है कि सुरक्षा मानकों की उपेक्षा हुई हो।
उन्होंने सुरक्षा खामियों के कारण कारों की वापसी के लिए खेद जताया और टोयोटा कार चालकों के साथ हुई दुर्घटनाओं के लिए माफी मांगी।
टोयोटा ने कई मॉडलों की कारों में खराब एक्सेलरेटर पैडलों और ब्रेकों के कारण पूरी दुनिया से 80 लाख कारों को वापस मंगाया है। इस घटना के बाद अमेरिका में टोयोटा कारों की बिक्री में जनवरी महीने में 15 प्रतिशत की गिरावट आई और गुणवत्ता के संबंध में उसकी साख प्रभावित हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications