सिख का सिर कलम किए जाने की भारत ने की निंदा
नई दिल्ली, 24 फरवरी (आईएएनएस)। भारत और पाकिस्तान के विदेश सचिवों के बीच प्रस्तावित बातचीत के एक दिन पूर्व विदेश मंत्री एस.एम.कृष्णा ने हाल में एक सिख युवक का सिर कलम किए जाने और एक हिंदू को अगवा किए जाने की घटना की बुधवार को निंदा की है।
संसद में दिए एक बयान में कृष्णा ने कहा कि पाकिस्तान सरकार ने आश्वासन दिया है कि वहां रह रहे एक हिंदू व्यक्ति के अपहरण के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कृष्णा ने कहा, "मैं सरदार जसपाल सिंह का पाकिस्तान के कबायली इलाके में सिर कलम किए जाने की निंदा करता हूं। यह बर्बर और जघन्य अपराध कठोरतम शब्दों में निंदा करने के लायक है।"
कृष्णा ने कहा, "पाकिस्तान के राष्ट्रपति ने कुछ अज्ञात लोगों द्वारा एक हिंदू व्यक्ति के अपहरण की घटना की और वहां कबायली इलाके में सिख समुदाय के एक सदस्य का सिर कलम किए जाने की कड़ी निंदा की है।"
कृष्णा ने कहा, "पाकिस्तान सरकार ने वहां रह रहे हिंदुओं की सुरक्षा का पूरा आश्वासन दिया है और भविष्य में इस तरह की घटनाओं का दोहराव रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने का वादा किया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications