रेल बजट : महिलाओं की सुरक्षा करेगी 'महिला वाहिनी'
रेल मंत्री ने रेलगाड़ियों में महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए महिला वाहिनी नाम से महिला रेल सुरक्षा बल कर्मियों की 12 कंपनियां गठित करने का भी प्रस्ताव रखा।
बनर्जी ने रेल बजट प्रस्तुत करते हुए कहा, "सुरक्षा और संरक्षा के संबंध में हमेशा सजग रहना आवश्यक है और हमारा स्वप्न और ध्येय दुर्घटनारहित भारतीय रेल है। इसके बावजूद ऐसे विशाल परिचालन में तकनीकी समस्याओं, तोड़फोड़, कोहरे, रेल रोको, प्राकृतिक आपदा और मानवीय चूक के कारण कुछ दुर्भाग्यपूर्ण और खेदजनक दुर्घटनाएं हो जाती हैं।"
उन्होंने कहा, "इसके निवारण के लिए हम सर्वोच्च स्तर की प्रौद्योगिकी को अपनाने और सुप्रशिक्षित जनशक्ति को काम पर लगाने की दोहरी नीति का पालन कर रहे हैं।"
बनर्जी ने कहा, "हमें किसी भी दुर्घटना की रोकथाम के लिए उपस्कर और अत्याधुनिक उपकरण प्रयोग करने होंगे। टक्कर रोधी उपकरण और गाड़ी सुरक्षा चेतावनी प्रणाली ऐसे ही दो उपकरण हैं।"
उन्होंने कहा, "संरक्षा में सुधार करने और टक्करों की रोकथाम करने के लिए 828 किलामीटर मार्ग को शामिल करते हुए गाड़ी सुरक्षा चेतावनी प्रणाली की चार परियोजनाएं क्रियान्वित की जाएंगी। इसके अलावा रेलवे मजबूत सवारी डिब्बे और रेल इंजन भी विकसित कर रही है जो दुर्घटनाओं के मामलों में टक्कर के उच्च प्रभाव को रोकने में समर्थ होंगे।"
दुर्घटनाएं रोकने के लिए अगले पांच वर्षो में बिना चौकीदार वाले सभी रेलवे क्रासिंग्स पर चौकीदार तैनात किए जाएंगे। रेल मंत्री ने कहा कि इसके मद्देनजर रेलवे 1000 क्रासिंग्स पर चौकीदार नियुक्त करने का प्रस्ताव रखती है।
रेलवे सुरक्षा को एक संगठन के रूप में सुदृढ़ बनाने की पेशकश करते हुए ममता ने कहा, "हमें अपनी रेल सुरक्षा बल को आधुनिक बनाने की आवश्यकता है और इसे हम पूरा समर्थन दे रहे हैं। रेलवे अपनी यात्रियों को सुरक्षा प्रदान के लिए एक व्यापक बिल लाएगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications