रेल बजट : यात्रियों की सुविधाओं पर खर्च होंगे 1,302 करोड़ रुपये
नई दिल्ली, 24 फरवरी (आईएएनएस)। रेल मंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को रेल बजट पेश करते हुए आगामी वित्तीय वर्ष में यात्री सुविधाओं पर 1,302 करोड़ रुपये खर्च करने की घोषणा की।
उन्होंने कहा रेलवे यात्री सुविधाओं और स्वच्छता में सुधार के लिए विशेष अभियान चलाएगी। कई स्टेशनों पर किफायती कीमत पर भोजन उपलब्ध कराने के लिए 'जनता आहार' योजना पहले ही शुरू हो चुकी है। रेलवे की खान-पान नीति में संशोधन किया जा रहा है और शीघ्र ही उसे अंतिम रूप दिया जाएगा। चुनिंदा रेलगाड़ियों में विभागीय तौर पर खान-पान सेवाएं मुहैया कराने का निश्चय किया गया है।
यात्रियों की सुविधाओं में वृद्धि के लिए 94 स्टेशनों को आदर्श स्टेशन के रूप में विकसित करने की घोषणा की गई है। इसके अलावा अंबाला छावनी, बोलपुर, एर्णाकुलम, गोरखपुर, जम्मू, झांसी, खड़गपुर, कोटा, सूरत और थाणे स्टेशनों को विश्वस्तरीय स्टेशनों के रूप में विकसित किया जाएगा।
बड़े नगरों के स्टेशनों पर निजी क्षेत्र के सहयोग से बहुस्तरीय पार्किं ग परिसरों का निर्माण किया जाएगा।
यात्रियों को पीने का पानी सस्ती कीमत पर उपलब्ध कराने के लिए सार्वजनिक-निजी भागीदारी के तहत अम्बाला, अमेठी, माल,नासिक, फरक्का और त्रिवेंद्रम में छह बॉटलिंग संयंत्र लगाए जाने का भी प्रस्ताव है।
रेल मंत्री ने कहा यात्रियों को आरक्षण स्थिति और रेलगाड़ियों के 'समयपालन' के बारे में एस.एम.एस. से जानकारी उपलब्ध कराने के अलावा ग्राहकों को मालडिब्बों के बारे में एस.एम.एस. से जानकारी दिए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने आश्वासन दिया कि रेलवे सभी महत्वपूर्ण स्टेशनों पर आधुनिक ट्रालियां शुरू करने का प्रयास करेगी। इनके साथ वर्दीधारी परिचर वरिष्ठ नागरिकों और महिला यात्रियों को सामान सहित सवारी डिब्बों में चढ़ने और उतरने में मदद करेंगे।
सरकारी मेडिकल कॉलेजों, उच्च न्यायालयों, जिला न्यायालयों, विश्वविद्यालय परिसरों, आईटी हबों, आईआईटी और आईआईएम जैसे संस्थानों में ई-टिकट आधारित मोबाइल वैनों को शुरू किए जाने की योजना है। दुर्घटनाओं को रोकने के लिए टक्कर रोधी उपकरण (एसीडी) और गाड़ी सुरक्षा चेतावनी प्रणाली लगाए जाने की योजना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications