3जी टेलीफोन सेवा के लिए नीलामी प्रक्रिया घोषित
नई दिल्ली, 24 फरवरी (आईएएनएस)। देश में तीसरी पीढ़ी की मोबाइल फोन सेवा (3जी) के लिए निजी संचालकों को रेडियो फ्रीक्वेंसी की नीलामी प्रक्रिया तय होने की घोषणा कर दी गई है। गुरुवार को इच्छुक कंपनियों के लिए आम सूचना जारी होगी।
तय प्रक्रिया के अनुसार 3जी स्पेक्ट्रम की नीलामी का काम 10 अप्रैल तक पूरा होगा। सरकार ने यह भी कहा कि 3जी स्पेक्ट्रम की नीलामी का काम पूरा होने के दो दिन बाद ब्राडबैंड सेवा के लिए भी स्पेक्ट्रम की नीलामी होगी।
3जी स्पेक्ट्रम नीलामी पर मूल आरक्षित कीमत, एक सर्किल में संचालकों की संख्या और सेनाओं द्वारा स्पेक्ट्रम छोड़ने जैसे कई विवादास्पद मुद्दे उठे थे।
सार्वजनिक क्षेत्र की दो कंपनियों भारत संचार निगम लिमिटेड और महानगर टेलीफोन निगम लिमिटेड को पिछले वर्ष 3जी स्पेक्ट्रम का आवंटन किया गया था और उन्होंने अपने सर्किल में 3जी सेवा शुरू कर दी।
तीसरी पीढ़ी की मोबाइल सेवा से मौजूदा टेलीफोन सेवा से तेज सुविधा उपलब्ध होगी और इंटरनेट टीवी, मांग पर वीडियो, आडियो-वीडियो फोनकाल्स और आंकड़ों का तेज गति से लेनदेन संभव हो सकेगा।
3जी स्पेक्ट्रम की नीलामी प्रक्रिया का तय कार्यक्रम निम्नलिखित है :
-आवेदन आमंत्रित करने के लिए सूचना : 25 फरवरी
-आवेदन देने की अंतिम समय सीमा : 19 मार्च
-आवेदकों के मालिकों के ब्योरे का प्रकाशन : 26 मार्च
-निविदादाताओं की योग्यता का आकलन : 30 मार्च
-नीलामी का अभ्यास : 5-6 अप्रैल
-नीलामी का आरंभ : 9 अप्रैल
3जी स्पेक्ट्रम की नीलामी पूरी होने के दो दिन बाद ब्राडबैंड स्पेक्ट्रम की नीलामी शुरू होगी।
केंद्र सरकार मौजूदा वित्तीय वर्ष में ही नीलामी प्रक्रिया संपन्न करना चाहती थी, जिससे 5.5-6.5 अरब डॉलर की उगाही की जा सके और बढ़ते राजकोषीय घाटे को कम किया जा सके। परंतु कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों को सुलझाने में हुए विलंब के कारण मामला लटक गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications