बच्चों के लिए अधिक धन आवंटित हो: गैर सरकारी संगठन
नई दिल्ली, 24 फरवरी (आईएएनएस)। बाल अधिकारों के लिए काम करने वाले एक गैर सरकारी संगठन सीआरवाई ने बुधवार को कहा है कि आम बजट में इस बार स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में अधिक धन का आवंटन होना चाहिए।
सीआरवाई की मुख्य कार्यकारी अधिकारी पूजा मरवाहा ने कहा, "जो बच्चे गरीबी में पैदा होते हैं और पलते हैं वे अधिकांशत: अपने मूल अधिकारों से वंचित रह जाते हैं। अधिकांश बच्चों के कुपोषण का शिकार होने की संभावना रहती है। ऐसे बच्चे असुरक्षित वातावरण में रहते हैं और स्कूलों में उनका दाखिला नहीं हो पाता है।"
मारवाहा ने कहा,"विश्व के अधिकांश विकसित देशों अमेरिका, फ्रांस और ब्रिटेन में उनके राष्ट्रीय बजट में शिक्षा और स्वास्थ्य पर लगभग छह से सात फीसदी खर्च होता है जबकि भारत इस क्षेत्र में लगभग तीन फीसदी शिक्षा और एक फीसदी स्वास्थ्य पर खर्च करता है।"
उन्होंने कहा कि हम इस तथ्य की ओर ध्यान दिलाना चाहते हैं कि गरीबी न केवल बच्चों के बचपन के लिए हानिकारक है बल्कि यह उस वक्त भी रहेगी जब वे बड़े होंगे। इस स्थिति को तभी बदला जा सकता है जब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनवाड़ी और स्कूलों जैसे सार्वजनिक क्षेत्रों में निवेश बच्चों की संख्या के अनुपात में हो।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications