विक्टोरिया के प्रधानमंत्री ने भारतीय व्यंजन का लुत्फ उठाया (लीड-1)
ब्रम्बी ने भारतीय छात्रों के साथ यहां के एक लोकप्रिय रेस्तरां 'देसी ढाबा' में भोजन किया। उन्होंने भारतीय समुदाय के साथ एकजुटता दिखाने के लिए यह कदम उठाया।
मेलबर्न की निवासी मिया नार्थरोप 'हिंसा के खिलाफ विंडालू' (भारतीय व्यंजन) नामक अभियान चलाया था। इसी सिलसिले में ब्रम्बी भारतीय रेस्तरां पहुंचे थे। माना जा रहा है कि इस अभियान में 10,000 से अधिक लोग हिस्सा लेंगे।
ब्रम्बी ने एक बयान जारी कर कहा, "हिंसा के खिलाफ विंडालू एक अच्छा अभियान है। इससे विक्टोरिया के लोगों को अच्छा संदेश देने का मौका मिला है।" उन्होंने कहा कि विक्टोरिया में 150,000 भारतीय रहते हैं।
विक्टोरिया की प्रांतीय संसद में भी बुधवार को भारतीय व्यंजन परोसे गए। नई दिल्ली में आस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त पीटर वर्गीस ने कहा कि यह कदम भारतीय समुदाय के साथ एकजुटता का संदेश देता है।
आस्ट्रेलिया के क्वींसलैंड प्रांत की संसद में भी बुधवार को भारतीय समुदाय के साथ एकजुटता दिखाने के लिए भारतीय व्यंजन परोसे जाएंगे। आस्ट्रेलियाई समाचार एजेंसी एएपी के अनुसार प्रांतीय संसद में बुधवार से भोजन में करी, तंदूरी चिकन और पकोड़े परोसे जाएंगे।
क्वींसलैंड की बहुसांस्कृतिक मामलों की मंत्री अन्नास्टेकिया प्लासजुक ने संसद में कहा, "स्थानीय लोगों के लिए हिंसा के खिलाफ विंडालू एक अच्छा मौका है क्योंकि यहां 26,000 भारतीय रहते हैं।"
'एबीसी' रेडियो की प्रसारक स्पेंसर हॉवसन ने बुधवार सुबह सांसदों को विंडालू खाने की चुनौती दी थी। उन्होंने कहा, "मैं क्वींसलैंड के लोगों को भारतीय व्यंजन खाने के लिए प्रोत्साहित करना चाहती हूं। वे स्थानीय भारतीय रेस्तरां में व्यंजनों का आनंद उठाएं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications