भारत वैश्विक आर्थिक मंदी से मजबूत आर्थिक वृद्धि के साथ उबरेगा
वाशिंगटन, 24 फरवरी (आईएएनएस)। विश्व बैंक की रिपोर्ट के अनुसार सुदृढ़ आर्थिक नीतियों के कारण दक्षिण एशिया में भारत, बांग्लादेश और भूटान के वैश्विक आर्थिक संकट से मजबूत विकास प्रदर्शन के साथ उबरने की उम्मीद है।
रिपोर्ट में कहा गया कि इन देशों की सुदृढ़ आर्थिक नीतियों के साथ ही व्यापार, निवेश और विदेशों से होने वाली आय में लचीलापन है। इन देशों में पाकिस्तान, श्रीलंका और मालदीव की तरह अर्थव्यवस्था में आंतरिक असंतुलन या संकट नहीं आया।
वैश्विक आर्थिक पहलुओं पर वर्ष 2010 की रिपोर्ट में कहा गया कि आम तौर पर दक्षिण एशिया क्षेत्र वैश्विक आर्थिक संकट से मुक्त हो गया है। बहरहाल इलाके के सकल घरेलू उत्पादन (जीडीपी) में वृद्धि की दर वर्ष 2009 में भी पिछले वर्ष के समान छह प्रतिशत ही रही।
वैश्विक मंदी के कारण दक्षिण एशिया में जीडीपी की वृद्धि दर वर्ष 2007 में 8.6 प्रतिशत से घटकर वर्ष 2009 में छह प्रतिशत हो गई। यह गिरावट निवेश और निजी खपत में हुई कमी के कारण आई।
रिपोर्ट के अनुसार मंदी का दक्षिण एशिया पर काफी प्रभाव होने के बावजूद इस क्षेत्र की जीडीपी की वृद्धि में अन्य विकासशील क्षेत्रों की तुलना में कम गिरावट देखी गई।
जुलाई 2009 तक दक्षिण एशिया के आयात में पिछले वर्ष की तुलना में 32 प्रतिशत की गिरावट आई। इस क्षेत्र से वाणिज्यिक वस्तुओं के निर्यात में इसकी तुलना में गिरावट कम हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications