रेल बजट : बिहार को कई नई रेलगाड़ियों की सौगात
रेल मंत्री ने बजट में बिहार के लिए कई रेलगाड़ियों की घोषणा की। बिहार के लिए उन्होंने कोलकाता-दरभंगा एक्सप्रेस की घोषणा की है तो दरभंगा-मुंबई कर्मभूमि रेलगाड़ी चलाने की भी घोषणा कर उन्होंने कामगारों को रिझाने का प्रयास किया।
इसके अलावा न्यू जलपाईगुड़ी-अमृतसर वाया कटिहार, सियालदह-किशनगंज एक्सप्रेस, राजगीर-हाबड़ा रेलगाड़ी तथा बांका से संघमित्रा एक्सप्रेस चलाने की घोषणा की गई है। देश में 16 भारतीय तीर्थ यात्रा रेलगाड़ी में भी बिहार को कुछ हिस्सेदारी मिली है। बिहार में हाबड़ा-गया-आगरा तीर्थ यात्रा रेलगाड़ी, मदुरै-पटना साहिब तीर्थयात्रा रेलगाड़ी तथा इलाहाबाद-गया तीर्थयात्रा रेलगाड़ी चलाई जाएगी।
रेल मंत्री ने बख्तियारपुर-गया पैसेंजर रेलगाड़ी तथा पटना-सासाराम सवारी रेलगाड़ी चलाने का प्रस्ताव भी बजट में रखा। इसके अतिरिक्त कटिहार-तेजपुर, सीतामढ़ी-दरभंगा, बख्तियारपुर-राजगीर सहित छपरा लाइन को दोहरीकरण करने का प्रस्ताव बजट में रखा गया है।
मंत्री ने बजट प्रस्तुत करते हुए मधेपुरा और मढ़ौर में रेलवे कोच कारखाने के भी जल्द प्रारंभ करने की घोषणा की है। इसके अलावे झाझा-गिरीडीह नई रेल लाईन बनाने का भी प्रस्ताव रखा गया है।
किउल-गया रेल लाइन के दोहरीकरण के लिए सर्वेक्षण का भी रेल मंत्री ने प्रस्ताव किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications