पंजाब में कृषि विज्ञान संस्थान चाहते हैं बादल
चण्डीगढ़, 24 फरवरी (आईएएनएस)। पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने बुधवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से अपील की कि प्रस्तावित बोरलॉग इंस्टीट्यूट फॉर साउथ एशिया को लुधियाना के लाडोवाल में स्थापित किया जाए।
प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में बादल ने कहा कि नोबेल पुरस्कार विजेता और हरित क्रांति के जनक नॉर्मन ई. बोरलॉग पंजाब से अच्छी तरह जुड़े थे।
बादल ने लिखा, "लुधियाना स्थित पंजाब कृषि विश्वविद्यालय और राज्य के कई लोग अब भी बोरलॉग को बहुत सम्मान और प्यार से याद करते हैं।"
उन्होंने लिखा, "अनाज उपजाने के मामले में पंजाब देश का अगुवा राज्य है। इसलिए, यहां प्रस्तावित संस्थान को स्थापित करना सबसे उचित है। इसके अलावा लाडोवाल पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के नजदीक भी है। "
बादल ने कहा कि संस्थान के लिए मुफ्त जमीन देने का प्रस्ताव राज्य पहले ही दे चुका है।
पिछले साल बोरलॉग की मृत्यु के बाद बादल ने केंद्रीय कृषि मंत्री को एक पत्र लिखकर राज्य में बोरलॉग के नाम पर गेहूं शोध केंद्र स्थापित करने की मांग की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications