रेल बजट : विस्तार के लिए नया व्यापारिक मॉडल(लीड-3)
लोकसभा में बनर्जी ने कहा, "हमारा लक्ष्य सम्मिलित विकास है।" बनर्जी ने कहा कि इस बजट में उन्होंने परियोजनाओं की महज वाणिज्यिक व्यवहारिकता की जगह सामाजिक जिम्मेदारी पर जोर दिया।
उन्होंने दिसंबर में पेश किए गए दस्तावेज का हवाला देते हुए कहा, "हमने 'विजन 2020' दस्तावेज में अपने लक्ष्य निर्धारित किये हैं और हम उन्हें हासिल करके रहेंगे।"
उन्होंने कहा, "प्रशासनिक और प्रक्रियागत विलंब निवेशकों को हतोत्साहित करते हैं। हमें इस पर काबू पाने की जरूरत है। मैं इसके लिए विशेष कार्यबल का गठन कर रही हूं।
उन्होंने कहा, "नए व्यापारिक मॉडल के लिए विशेष ढांचा तैयार किया जाएगा। लेकिन हम अपने रेलवे का निजीकरण नहीं करेंगे। भारतीय रेलवे हमेशा सरकार के साथ रहेगी।"
साथ ही उन्होंने निजी क्षेत्र से भारतीय रेलवे के साथ काम करते समय नकरात्मक रुख से दूर रहने को कहा। उन्होंने कहा, "मुझे दुख के साथ कहना पड़ता है कि इस नजरिए को बदलना होगा।"
बनर्जी ने कहा कि उनके पिछले रेल बजट में जिन 122 नई रेलगाड़ियां चलाने का वादा किया गया था उनमें से 117 आगामी 31 मार्च तक चालू हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह कार्य महज सात महीनों में ही कर लिया गया है जो सराहनीय है।
सुरक्षा का जिक्र करते हुए बनर्जी ने कहा कि अतीत में कुछ दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं हुई हैं उन्होंने कहा कि उच्च स्तरीय प्रौद्योगिकी और कर्मियों को प्रशिक्षण देकर ऐसी घटनाएं रोकी जा सकती हैं।
मानवरहित रेलवे क्रांसिंग्स पर होने वाले हादसों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, "पांच बरस में हम 13,000 मानवरहित क्रासिंग्स में से 3000 पर चालू वित्त वर्ष में 1000 पर अगले वित्त वर्ष में सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे।"
बनर्जी के बजट भाषण के दौरान प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की अध्यक्ष सोनिया गांधी, विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज और केंद्रीय वित्त मंत्री भी सदन में मौजूद थे।
बनर्जी चौथी बार रेल बजट पेश कर रही हैं। संप्रग सरकार में यह उनका दूसरा रेल बजट है। भारतीय रेल 64,099 कि लोमीटर के साथ दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा रेल नेटवर्क है। कुल 6,906 रेलवे स्टेशनों से 7000 रेलगाड़ियां 1.89 करोड़ लोगों को उनकी मंजिल तक पहुंचाती हैं। कुल 4000 मालगाड़ियां 85 करोड़ टन माल की ढुलाई करती हैं।
वित्त वर्ष 2010-2011 के रेल बजट के मुख्य बिंदु इस प्रकार हैं :
अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त अधिक अस्पताल खोल जाएंगे
-80,000 महिला कर्मचारियों के बच्चों के लिए शिक्षा सुविधा का विकास किया जाएगा
-गैंगमेन के लिए विशेष सुविधाओं की स्थापना की जाएगी
-रेलवे की कारपोरेट सामाजिक जिम्मेदारी के तहत लाइसेंसधारी कूलियों के लिए बीमा की सुविधा
-भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान और रक्षा शोध और विकास संगठन के साथ मिलकर रेलवे शोध केंद्र की स्थापना की जाएगी
-नीतियों के निर्माण में कर्मचारी संगठनों को शामिल किया जाएगा
- चेन्नई स्थिति एकीकृत डिब्बा कारखाना को आधुनिक बनाया जाएगा
- मुंबई में नया डिब्बा मरम्मत केंद्र की स्थापना
-बेंगलुरू में पहियों के डिजाइन, विकास और परीक्षण केंद्र की स्थापना
- महिला यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाई जाएगी
- पांच साल के भीतर सभी मानवरहित रेलवे क्रासिंग को मानव युक्त कर दिया जाएगा
- सड़क ओवरब्रिज के अलावा और अंडरपास का निर्माण किया जाएगा
- रेलवे सुरक्षा बल में पूर्व सैनिकों की होगी भर्ती
- पांच खेल अकादमियों की स्थापना की जाएगी, हॉकी के विकास के लिए एस्ट्रोटर्फ मुहैया करवाई जाएगी और खिलाड़ियों की नौकरी की व्यवस्था की जाएगी
- राष्ट्रमंडल खेलों में रेलवे मुख्य भागीदार होगा
-यात्री सुविधाओं को बढ़ाने के लिए विशेष प्रस्ताव
-94 स्टेशनों को उन्नत बनाया जाएगा
- निजी-सार्वजनिक भागीदारी के तहत छह नए पेय जल संयंत्र लगाए जाएंगे
- रेलवे स्टेशनों पर आधुनिक शौचालय बनाए जाएंगे
-लोगों की सहूलियत के लिए और टिकट खिड़की खोली जाएंगी
- आधुनिक सुरक्षा प्रौद्योगिकी पर जोर
-1000 किलोमीटर रेल पटरियों का निर्माण
-नए व्यापारिक मॉडल बनाए जाएंगे
- निजीकरण नहीं, रेलवे सरकार की है लेकिन व्यापारिक समुदाय की भागीदारी बढ़ेगी
-चालू वित्त वर्ष की 120 में 117 रेलगाड़ियां शुरू
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications