यूपी: छेड़खानी का विरोध कर रही युवती को जलाया
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में रविवार को एक दलित युवती ने जब अपने साथ छेड़छाड़ का विरोध किया तो दबंग युवकों ने उसे मिट्टी का तेल छिड़क कर आग के हवाले कर दिया। लोग खड़े तमाशा देखते रहे और युवती बुरी तरह झुलस गई। अब वो कन्नौज के जिला अस्पताल में मौत से लड़ रही है।
यह मामला कोतवाली इलाके के ताजपुर मोहल्ले का है। पुलिस के मुताबिक अल्ताफ (22 वर्ष) नामक युवक अपने साथियों के साथ रविवार की शाम एक 25 वर्षीय दलित युवती के साथ छेड़छाड़ कर रहा था। युवती ने जब इसका कड़ा विरोध किया तो उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर युवती पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा दी।
पढ़ें- कानपुर में फ्रांसीसी युवती से छेड़छाड़
जिले के पुलिस उपाधीक्षक हरदेव सिंह ने सोमवार को वहां संवाददाताओं को बताया कि बुरी तरह से झुलसी युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। सिंह ने कहा कि मुख्य आरोपी अल्ताफ सहित तीनों फरार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
घटना से नाराज लोगों ने सोमवार सुबह आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदशर्न किया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। घटना के बाद से इलाके में तनाव है। पुलिस उपाधीक्षक ने कहा कि तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी दबंग युवक परचून की दुकान चलाता है। रविवार शाम को पीड़िता उसकी दुकान पर कुछ सामान लेने गई थी।












Click it and Unblock the Notifications