कानपुर में फ्रांसीसी युवती से छेड़छाड़

कानपुर के पुलिस प्रमुख हरे राम शर्मा ने सोमवार को बताया कि शहर के हैलट अस्पताल में डायरिया से पीड़ित मंगेतर का उपचार करा रही फ्रांसिसी युवती के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में पुलिस ने अस्पताल के वार्ड ब्वॉय रणविजय सिंह को गिरफ्तार किया।
युवती के मुताबिक रविवार सुबह हैलट अस्पताल का वार्ड ब्वॉय रणविजय सिंह उसके मंगेतर को दवाई देने के बहाने कमरे में पहुंचा और उससे छेड़छाड़ की। युवती के शोर मचाने पर रणविजय मौके से भाग निकला। घटना के बाद युवती ने हैलट अस्पताल प्रशासन को मामले की लिखित शिकायत की।
अस्पताल में हुई पहचान परेड
शर्मा ने बताया कि रविवार शाम को शिकायत मिलने के बाद उस दौरान ड्यूटी पर मौजूद रहे अस्पताल के सभी कर्मचारियों की युवती से सामने शिनाख्त परेड कराई लेकिन आरोपी रणविजय इस दौरान वहां मौजूद नहीं था।
उन्होंने बताया कि शक के आधार पर सोमवार को रणविजय को पकड़कर फ्रांसिसी युवती के सामने ले जाया गया, जहां युवती ने उसे तत्काल पहचान लिया। उन्होंने कहा कि आरोपी रणविजय के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक युवती ने बताया कि वह अपने मंगेतर के साथ भारत भ्रमण के कार्यक्रम के तहत ट्रेन से आगरा से पटना जा रही थी। तभी उसके मंगेतर की कानपुर में तबियत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे कानपुर के हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications