नक्सलियों ने 10 ग्रामीणों की हत्या की (लीड-2)
पटना, 18 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार के जमुई जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने बुधवार देर रात एक गांव में हमला कर कम से कम 30 मकानों को आग लगा दी तथा 10 ग्रामीणों की हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि गांव के लोग नक्सलियों का विरोध करते थे और इसी कारण इस गांव पर नक्सली हमला हुआ।
मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक अमित कुमार ने गुरुवार को बताया कि इस हमले में 10 लोग मारे गए। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर पटना से विशेष कार्य बल (एसटीएफ) समेत अतिरिक्त पुलिस जवानों को भेजा गया है। पुलिस ने नक्सलियों के खिलाफ छापेमारी अभियान प्रारंभ कर दिया है।
उन्होंने बताया कि नक्सलियों ने हमला कर गांव के कम से कम 30 मकानों को आग लगा दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार नक्सली गांव से कुछ ग्रामीणों को जबरन अपने साथ भी ले गए।
पुलिस के अनुसार बुधवार रात करीब एक बजे फुलवरिया गांव में प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी)के 100 से ज्यादा नक्सलियों ने हमला किया। यह इलाका जंगलों से घिरा है तथा झारखंड की सीमा से लगा है।
बिहार पुलिस का कहना है कि फुलवरिया गांव के लोग नक्सलियों का विरोध करते थे। राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) यू़ एस़ दत्त ने गुरूवार को बताया कि फुलवरिया गांव के लोग नक्सलियों का साथ देने का तैयार नहीं थे जिस कारण नक्सली नाराज थे।
उल्लेखनीय है कि नक्सलियों ने अपने आठ साथियों की पुलिस द्वारा ग्रामीणों की मदद से गत एक फरवरी को हत्या किए जाने तथा शव को गायब कर देने का आरोप लगाया था। इसी के विरोध में नक्सलियों ने बुधवार को पांच जिलों में बंद का ऐलान किया था। नक्सलियों ने गुरुवार और शुक्रवार को शोक दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications