विक्षिप्त युवक बंद कमरे में चला रहा है गोलियां
घटना लखनऊ के बाहरी इलाके बक्शी का तालाब की है, जहां 27 वर्षीय शमीम उर्फ राजू ने बुधवार देर रात खुद को घर के एक कमरे में बंद कर लिया। बार-बार दरवाजा खोलने के लिए कहने से इंकार करने पर पिता शब्बीर अहमद ने गुरुवार सुबह पुलिस को बुलाया।
थाने से कुछ सिपाही जैसे ही दरवाजा खुलवाने के लिए मौके पर पहुंचे वैसे ही पिता की दुनाली बंदूक लेकर अंदर घुसे शमीम ने दो राउंड गोलियां चला दीं। अंदर से गोलियां चलने से सिपाहियों ने आला अधिकारियों को हालात की जानकारी दी। बक्शी का तालाब थाना प्रभारी अरुण कुमार द्विवेदी भारी संख्या में अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
थाना प्रभारी ने जैसे ही दरवाजा खटखटाया शमीम ने फिर से अंदर से कई राउंड गोलियां चला दीं, जिसमें वह घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
सुबह सात बजे से लेकर शाम के आठ बजे तक पुलिस शमीम को बाहर निकालने में कामयाब नहीं रही है। पुलिस का ऑपरेशन जारी है।
लखनऊ के पुलिस अधीक्षक (देहात)अशोक प्रसाद ने संवाददाताओं को बताया कि हम लोग युवक को बिना कोई नुकसान पहुंचाए बाहर निकालने का प्रयास कर रहे हैं। हम पूरा प्रयास कर रहे हैं कि हमारे ऑपरेशन में उसे किसी भी तरह की चोट न आए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications