छद्म युद्ध के खात्मे के बाद हो पाक से वार्ता : गडकरी (राउंडअप)

भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन के दूसरे दिन राष्ट्रीय परिषद को संबोधित करते हुए गड़करी ने कहा कि एक तरफ चीन का हस्तक्षेप बढ़ रहा है, दूसरी ओर कश्मीर के हालात बिगड़ते जा रहे हैं और पाकिस्तान लगातार आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है। जब तक पाकिस्तान का छद्म युद्घ खत्म नहीं हो जाता है तब तक वार्ता करना गलत होगा।

गडकरी ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे समाज के बहुसंख्यक वर्ग के लिए काम करें ताकि पार्टी के वोट प्रतिशत में 10 प्रतिशत का इजाफा कर 2014 में पार्टी को देश की सत्ता हासिल हो सके।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अनुसूचित जाति, जनजाति और अल्पसंख्यक वर्ग तक अपनी पहुंच बनाने में कोई कसर न छोड़ें, यह वर्ग ऐसे राजनीतिक कार्यकर्ताओं की प्रतीक्षा कर रहा है जो उनके दुखड़े को सुने और उनकी आकांक्षाओं को पूरा करे। इसके लिए नई पहल की ओर नई शुरुआत करें।

उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का संकल्प दोहराते हुए कहा कि भाजपा अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए कृत संकल्पित है। यह मंदिर भाजपा की आत्मा है, इसके लिए राष्ट्रीय आंदोलन भी चलाया गया था, वर्तमान में यह मामला न्यायालय मे लंबित है, किंतु संतोषजनक हल निकलना उन्हें संभव नहीं लगता है लिहाजा मुस्लिम भाई हिंदुओं की भावनाओं का सम्मान कर सहृदयता का परिचय दें और थोड़ी-सी जमीन को छोड़कर मंदिर निर्माण में मदद करें। ऐसा होने से देश में नए भाईचारे का सूत्रपात होगा। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि भव्य मस्जिद बनाने में मदद की जाएगी।

शाम होने तक इस मामले में भाजपा ने अपना रुख कुछ बदल दिया और पार्टी के प्रवक्ता राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि राममंदिर आंदोलन से जुड़े लोगों से राय लेने के बाद मस्जिद निर्माण में मदद दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में तमाम पदाधिकारियों, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा की जाएगी। अच्छा काम करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। इस योजना का प्रारूप जल्दी ही तैयार कर लिया जाएगा।

गडकरी ने कार्यकर्ताओं को हिदायत दी कि वे चाटुकारिता का सहारा न लें और पैर पड़ने की आदत से अपने को दूर रखें। उन्होंने अपना उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने न तो नेताओं के घरों के चक्कर लगाए हैं और न ही स्वागत के लिए मालाओं पर राशि खर्च की हैं। इसलिए कार्यकर्ता अपने काम पर ध्यान दें।

वहीं गडकरी ने एक बार फिर कांग्रेस पर अपरोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि उनके न तो पिता और न ही नाना-नानी देश के प्रधानमंत्री रहे हैं, वे तो महज एक कार्यकर्ता थे और राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए बाकी पार्टियों में तो नेता का बेटा ही अध्यक्ष बनता है। यह सिर्फ भाजपा में ही संभव है।

उन्होंने कहा कि देश में 1000 पार्टियां है, 50 प्रमुख दल है जिनमें भाजपा सहित देश में सिर्फ पांच दल ही ऐसे हैं जहां घरानाशाही नही हैं। बाकी में तो नेता का बेटा ही अध्यक्ष होता है।

विचारधारा बदली तो भाजपा खत्म हो जाएगी :

भारतीय जनता पार्टी के निवर्तमान अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा है कि भाजपा ने अगर अपनी विचारधारा और चरित्र को बदलने की कोशिश की तो वह खत्म हो जाएगी, ऐसा इसलिए क्योंकि पार्टी की पहचान उसकी विचारधारा से है।

उन्होंने कोका कोला और पेप्सी वार का उदाहरण देते हुए कहा कि कोका कोला की एक समय देश में मांग थी, तभी पेप्सी ने आकर उसे पीछे छोड़ दिया, इस स्थिति से निपटने के लिए कोकाकोला ने अपने मूल चरित्र (सामग्री मिश्रण) में कुछ बदलाव लाया, इस बदलाव के चलते उसका बाजार और घट गया, आखिर में उसे अपने मूलचरित्र पर लौटना पड़ा।

उन्होंने चेताया कि जो भी दल विचारधारा और चरित्र बदलेगा वह समाप्त हो जाएगा, अगर भाजपा भी ऐसा करती है तो वह खत्म हो जाएगी, क्योंकि पार्टी की असली पहचान विचारधारा है। वर्तमान परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण भले ही हों मगर अनुकूल है।

पाक से वार्ता की पहल से सारा देश परेशान :

राज्य सभा में भारतीय जनता पार्टी के दल के नेता अरूण जेटली ने कहा है कि पाकिस्तान का भारत के खिलाफ अघोषित युद्ध जारी है जिसमें हजारों लोग अपनी जानें गंवा चुके हैं। यह सब कांग्रेस की नीतियों के कारण हो रहा है। वहीं दूसरी ओर पाक से वार्ता की चल रही पहल से सारा देश परेशान है।

राष्ट्रीय सुरक्षा एवं जम्मू और कश्मीर पर प्रस्ताव को पेश करते हुए कहा कि पाकिस्तान पिछले दो दशकों से योजनाबद्घ तरीके से सशस्त्र विद्रोहियों को भेजने की रणनीति पर काम कर रहा है। इसके चलते जम्मू-कश्मीर में आर्थिक विकास बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इतना ही नहीं वहां जाने से पर्यटक घबराने लगे हैं। इतना ही नहीं कांग्रेस, पीडीपी और नेशनल कांफ्रेंस से गठबंधन करने में भी नहीं हिचकी, जो स्व-शासन और राजनैतिक स्वायत्तता का अभियान चलाए हुए हैं।

उन्होंने अभी हाल में पुणे में हुए बम विस्फोट का जिक्र करते हुए कहा कि इस धमाके से देश में आतंकवादियों का पुनरोदय हुआ है। इसके बावजूद भारत सरकार पाक से वार्ता की पहल कर रही है, इससे सारा देश परेशान है।

मोदी ने मांगा बारूद

गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवादियों से मुकाबला करने में लगे सुरक्षा बलों के अभ्यास के लिए केंद्र सरकार से रकम देकर बारूद की मांग की हैं। मोदी ने यह मांग इंदौर में चल रहे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन के दूसरे दिन राष्ट्रीय सुरक्षा एवं जम्मू कश्मीर पर प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान की।

उन्होंने आगे कहा कि एक तरफ आतंकवादी अपनी दक्षता बढाने के लिए एक दिन में तीन-तीन बार अभ्यास करते हैं वहीं सुरक्षा बलों को साल में एक बार अभ्यास का मौका मिलता है। अब तो हद हो गई है जब केंद्र सरकार ने तीन साल में एक बार अभ्यास कराने की बात कही है। ऐसे में सुरक्षा बल आतंकवादियों का कैसे मुकाबला कर पाएंगे इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है ।

मोदी ने केंद्र सरकार से मांग की है कि वह सुरक्षा बलों के अभ्यास के लिए बारूद उपलब्ध कराएं वे इसके लिए पैसा देने को तैयार है।

नक्सलियों के खिलाफ लड़ाई जीतेगा छत्तीसगढ़ :

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह ने कहा है कि नक्सलवाद के खात्मे की लड़ाई की अगुआई छत्तीसगढ़ करेगा और जीतेगा भी। उन्होंने आगे कहा कि नक्सली समस्या को खत्म करने के लिए नक्सलवादियों को गोली का जवाब गोली से दिया जाना चाहिए।

अधिवेशन के दूसरे दिन सुरक्षा प्रस्ताव पर चल रही चर्चा में हिस्सा लेते हुए रमन सिंह ने कहा कि आठ राज्यों के हिस्से में नक्सली गतिविधियां बढ़ रही हैं और यही हाल रहा तो पूरा देश इसकी चपेट में आ जाएगा।

रमन सिंह का सुझाव है कि नक्सली समस्या पर नियंत्रण पाने के लिए केंद्र को समन्वित कार्ययोजना लागू करना चाहिए। आंतरिक सुरक्षा के लिए खतरा बन चुकी इस समस्या से निपटने के लिए एकजुट प्रयास होना चाहिए।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+