बिहार में नक्सली हमले में 10 की मौत (लीड-1)
पटना, 18 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार के जमुई जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने बुधवार देर रात एक गांव में हमला कर कम से कम 30 घरों में आग लगा दी तथा 10 लोगों की हत्या कर दी।
मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक अमित कुमार ने गुरुवार को बताया कि इस हमले में 10 लोगों की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर पटना से विशेष कार्य बल (एसटीएफ) समेत अतिरिक्त पुलिस जवानों को भेजा गया है तथा पुलिस द्वारा नक्सलियों के खिलाफ छापेमारी अभियान प्रारंभ कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि नक्सलियों ने हमला कर गांव में कम से कम 30 घरों में आग लगा दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार नक्सली गांव से कुछ ग्रामीणों को उठाकर अपने साथ लेते भी गए हैं।
पुलिस के अनुसार बुधवार रात करीब एक बजे फुलवरिया गांव में प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी)के 100 से ज्यादा नक्सलियों ने हमला किया। यह इलाका जंगलों से घिरा है तथा झारखंड की सीमा से लगा है।
उल्लेखनीय है कि नक्सलियों ने एक फरवरी को अपने आठ साथियों को ग्रामीणों की मदद से पुलिस द्वारा हत्याकर शव को गायब कर देने का आरोप लगाते हुए बुधवार को पांच जिलों में बंद का ऐलान किया था। नक्सलियों ने गुरुवार और शुक्रवार को शोक दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications