बिहार में नक्सली हमला, 3 की मौत
पटना, 18 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार के जमुई जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने बुधवार देर रात एक गांव में हमला कर कई घरों में आग लगा दी और तीन लोगों की हत्या कर दी। इस हमले में मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई गई है।
पुलिस के अनुसार बुधवार देर रात करीब एक बजे फुलवरिया गांव में प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी ) के 100 से ज्यादा नक्सलियों ने हमला कर दिया और कई घरों में आग लगा दी। इस हमले में नक्सलियों ने अंधाधुंध फायरिंग भी की।
पुलिस के मुताबिक ग्रामीणों ने इस दौरान नक्सलियों से जमकर मुकाबला किया। इस हमले में छह लोगों की मौत की खबर आ रही है हालांकि पुलिस मरने वालों की संख्या तीन बता रही है।
राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) यू़ एस़ दत्त ने तीन लोगों के मरने की पुष्टि की है हालांकि वह यह भी मानते हैं कि गांव के कई लोग लापता हैं जिस कारण मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।
उल्लेखनीय है कि नक्सलियों ने एक फरवरी को अपने आठ साथियों को ग्रामीणों की मदद से पुलिस द्वारा हत्याकर शव को गायब कर देने का आरोप लगाते हुए बुधवार को पांच जिलों में बंद का ऐलान किया था। नक्सलियों ने गुरुवार और शुक्रवार को शोक दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications