व्यापार प्रतिबंध हटाने से दक्षिण एशिया में बढ़ेगा व्यापार : विश्व बैंक
वाशिंगटन, 18 फरवरी (आईएएनएस)। विश्व बैंक की एक नई रिपोर्ट में कहा गया है कि यदि व्यापार प्रतिबंध हटा लिए जाएं तो दक्षिण एशिया में अंर्तक्षेत्रीय व्यापार 5 अरब डॉलर से बढ़कर 20 अरब डॉलर और भारत व पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय व्यापार एक अरब डॉलर से बढ़कर नौ अरब डॉलर तक पहुंच सकता है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि दूरी और घनत्व के मामले में दक्षिण एशिया की भौगोलिक संरचना व्यापार बढ़ाने में मददगार है।
रिपोर्ट के अनुसार, इससे छोटी अर्थव्यवस्थाओं खासकर भौगोलिक आधार पर छोटे देशों को बड़ा फायदा हो सकता है क्योंकि क्षेत्रीय बाजारों के एकीकरण से इन देशों के आधारभूत ढांचे में निवेश बढ़ेगा।
उदाहरण के लिए यदि नेपाल जैसा देश भारत को जल आधारित बिजली का निर्यात कर सके तो उसका सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) दोगुना हो सकता है, जबकि भारत को बिजली की बहुत ज्यादा जरूरत है।
जल और पर्यावरण के क्षेत्र में सहयोग से भारी लाभ प्राप्त किए जा सकते हैं और इससे क्षेत्रीय जल सहयोग पर बातचीत शुरू करने को भी बढ़ावा मिलेगा।
रिपोर्ट के अनुसार, भारत, बांग्लादेश और नेपाल के बीच पानी पर सीमा पार सहयोग हो जाने की स्थिति में बाढ़ से काफी राहत मिलेगी, जिसका फायदा 40 करोड़ लोगों को होगा।
रिपोर्ट के अनुसार, क्षेत्रीय सहयोग को बढ़ावा देने से लाभ मिलना स्वाभाविक है। राजनीतिक बाधाओं के चलते इस क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा नहीं मिल पा रहा है। दक्षिण एशियाई देशों को गरीबी हटाने के लिए असहयोग के बजाय राजनीतिक गतिशीलता की ओर ध्यान देना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications