पाकिस्तान को अमेरिका के साथ रणनीतिक वार्ता की उम्मीद
इस्लामाबाद, 18 फरवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने गुरुवार को उम्मीद जताई कि अमेरिका के साथ रणनीतिक वार्ता का समय शीघ्र तय होगा और यह वर्ष 2010 की प्रथम छमाही में आयोजित होगी।
अफगानिस्तान और पाकिस्तान के लिए अमेरिका के विशेष दूत रिचर्ड हॉलब्रुक के साथ एक मुलाकात के दौरान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने कहा कि गलतफहमियों या पूर्व धारणाओं को हटाकर विश्वास बहाली के लिए रणनीतिक वार्ता महत्वपूर्ण है।
समाचार एजेंसी ऑनलाइन के अनुसार अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन की पिछले अक्टूबर में पाकिस्तान यात्रा के दौरान रणनीतिक वार्ता पर सहमति बनी थी।
प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान की बिजली समस्या को हल करने के लिए ऊर्जा क्षेत्र पर संवाद पर सबसे अधिक जोर दिया और कहा कि क्षेत्रीय स्थिरता के लिए अमेरिकी रणनीति में तय की गई परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाना चाहिए।
हॉलब्रुक द्वारा अफगानिस्तान में अमेरिकी सेनाओं के ऑपरेशन मुश्तरीक के बारे में जानकारी दिए जाने के बाद गिलानी ने उम्मीद जताई कि शरणार्थियों के संभावित पलायन और हेलमंद और बलूचिस्तान प्रांतों में आतंकवादियों के आने जैसे मुद्दों पर पाकिस्तानी चिंता को हल किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications