आतंकवाद के बीच पाक से वार्ता गलत : गडकरी (लीड-3)
भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन के दूसरे दिन राष्ट्रीय परिषद को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा, "एक तरफ चीन का हस्तक्षेप बढ़ रहा है वहीं दूसरी ओर कश्मीर के हालात बिगड़ते जा रहे हैं और पाकिस्तान लगातार आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है। जब तक पाकिस्तान का छद्म युद्ध खत्म नहीं हो जाता है तब तक वार्ता करना गलत होगा।"
गडकरी ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि वे समाज के बहुसंख्यक वर्ग के लिए काम करें ताकि पार्टी के वोट प्रतिशत में 10 प्रतिशत का इजाफा हो और वर्ष 2014 में पार्टी सत्ता में वापसी कर सके।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा, "अनुसूचित जाति, जनजाति और अल्पसंख्यक वर्ग तक अपनी पहुंच बनाने में कोई कसर न छोड़ें, यह वर्ग ऐसे राजनीतिक कार्यकर्ताओं की प्रतीक्षा कर रहा है जो उनके दुखड़े को सुने और उनकी आकांक्षाओं को पूरा करे। इसके लिए नई पहल और नई शुरुआत करें।"
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का संकल्प दोहराते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए कृत संकल्पित है। यह मंदिर भाजपा की आत्मा है और इसके लिए राष्ट्रीय आंदोलन भी चलाया गया था। वर्तमान में यह मामला न्यायालय में लंबित है, किंतु संतोषजनक हल निकलना उन्हें संभव नहीं लगता है लिहाजा मुस्लिम भाई हिंदुओं की भावनाओं का सम्मान कर सहृदयता का परिचय दें और थोड़ी सी जमीन को छोड़कर मंदिर निर्माण में मदद करें।
गडकरी ने एक बार फिर कांग्रेस पर अपरोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि उनके न तो पिता और न ही नाना-नानी देश के प्रधानमंत्री रहे हैं, वह तो महज एक कार्यकर्ता थे और राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए बाकी पार्टियों में तो नेता का बेटा ही अध्यक्ष बनता है। यह सिर्फ भाजपा में ही संभव है।
उन्होंने कहा कि देश में 1000 पार्टियां है, 50 प्रमुख दल हैं जिनमें भाजपा सहित देश में सिर्फ पांच दल ही ऐसे हैं जहां घरानाशाही नहीं है। बाकी में तो नेता का बेटा ही अध्यक्ष हेाता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications