कश्मीर मुठभेड़ में 2 आतंकवादी मारे गए (लीड-1)
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर से 37 किलोमीटर दूर पुलवामा जिले के शंगारपोरा गांव के एक मकान में आतंकवादियों के छुपे होने का पुख्ता सुराग मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने गुरुवार सुबह उसे घेर लिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया, "आतंकवादियों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया लेकिन उन्होंने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी।"
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ खत्म हो गई है। अब तक मलबे से मिले दो शवों की पहचान स्थानीय आतंकवादियों सज्जाद अहमद और जावेद अहमद हज्जाम के रूप में की गई है। तलाशी अभी जारी है। मुठभेड़ स्थल से गोला बारूद भी बरामद हुआ है।
पुलिस ने कहा कि आतंकवादी जिस घर में छुपे थे वह मुठभेड़ के दौरान ध्वस्त हो गया।
इस सप्ताह दक्षिण कश्मीर में हुई यह दूसरी मुठभेड़ है। कुलगाम जिले के कोइमोह गांव में सोमवार को पुलिस और आतंकवाद निरोधी बल राष्ट्रीय राइफल्स के जवानों ने हिज्बुल मुजाहिदीन के दो आतंकवादियों को मार गिराया था।
उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में बुधवार को मुठभेड़ के दौरान भी प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकवादी मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications