नक्सली हमले में 11 की मौत, मुआवजे की घोषणा (लीड-4)
राज्य के गृह सचिव आमिर सुबहानी ने पत्रकारों को बताया कि सरकार जमुई में नक्सलियों के हमले में मारे गए लोगों के आश्रितों को डेढ़-डेढ़ लाख रुपये देगी। उन्होंने बताया कि इसके अलावा बेघर हुए लोगों के लिए इंदिरा आवास योजना के तहत आवास तथा प्रभावित लोगों को 25 दिन के भोजन के लिए मुफ्त में अनाज दिया जाएगा।
गृह सचिव ने बताया कि हमले में घायल लोगों को 20-20 हजार रुपए दिए जाएंगे। इसके पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर राज्य के गृह सचिव, पुलिस महानिदेशक तथा अपर पुलिस महानिदेशक ने घटनास्थल का दौरा किया और क्षति का आकलन किया।
राज्य के पुलिस महानिदेशक आनंद शंकर ने गुरुवार को बताया कि नक्सलियों के हमले में कुल 11 लोगों की मौत हो गई जिसमें दो महिला और एक बच्चा शामिल है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर पुलिस उपमहानिरीक्षक, महानिरीक्षक पहुंच गए हैं तथा नक्सलियों के खिलाफ छापेमारी की निगरानी कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पटना से विशेष कार्य बल (एसटीएफ) समेत अतिरिक्त पुलिस जवानों को भेजा गया है तथा पुलिस द्वारा नक्सलियों के खिलाफ छापेमारी अभियान प्रारंभ कर दी गई है।
मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि नक्सलियों ने हमला कर गांव में कम से कम 30 घरों में आग लगा दी है तथा कुछ घरों में विस्फोटक लगाकर उड़ा दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार नक्सली गांव से कुछ ग्रामीणों को अपने साथ ले गए हैं।
पुलिस के अनुसार बुधवार की रात करीब एक बजे फुलवरिया गांव में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के 100 से ज्यादा नक्सलियों ने हमला कर दिया और कई घरों में आग लगा दी। इस हमले में नक्सलियों ने अंधाधुंध फायरिंग भी की।
पुलिस के अनुसार यह क्षेत्र जंगलों से भरा है तथा झारखंड की सीमा से लगता क्षेत्र है। उल्लेखनीय है कि नक्सलियों ने अपने आठ साथियों की हत्या और उनके शव गायब करने के विरोध में बुधवार को पांच जिलों में बंद का ऐलान किया था। नक्सलियों का आरोप है कि ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से उनके साथियों को हत्या की। नक्सलियों ने गुरुवार और शुक्रवार को शोक दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications