नक्सली हमले में बंगाल सरकार की भूमिका की निंदा
जीजेएम के महासचिव रोशन गिरी ने आईएएनएस से कहा, "राज्य सरकार नक्सलियों से लड़ने के लिए केवल गोरखाओं को भेज रही है। जब वे मारे जाते हैं तो इन वीर शहीदों के सम्मान का कोई प्रबंध नहीं किया जाता।"
उन्होंने कहा, "राज्य सरकार को ईस्टर्न फ्रंटियर राइफल्स के 13 जवानों के शवों को विमान से भेजना चाहिए था। हम पूरे दिन इंतजार करते रहे लेकिन शव बुधवार रात 11.0 बजे पहुंचे।"
इस पूरे मामले में मुख्यमंत्री बुद्धदेब भट्टाचार्य की भूमिका की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा, "हम जानते हैं कि बुद्धदेब इस पूरे मामले पर कोई बयान नहीं देंगे। वह गोरखा जवानों की मौत पर कोई ध्यान नहीं देते।"
बहरहाल पूरे घटनाक्रम पर भट्टाचार्य के बयान की मांग करते हुए मारे गए सुरक्षा बलों के सैकड़ों परिजनों और मित्रों ने पश्चिम मिदनापुर जिले में केशरी रोड को जाम कर दिया।
नक्सल प्रभावित इलाके में सुरक्षाकर्मियों को बेहतर सुरक्षा मुहैया कराने की मांग करते हुए उन्होंने खड़गपुर के समीप सात स्थानों पर सड़कों को जाम किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications