कराची में अलकायदा से संबंध रखने वाले 3 गिरफ्तार
कराची, 18 फरवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों के गुप्तचरों ने अलकायदा और प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) से नजदीकी संबंध रखने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
ऑनलाइन समाचार एजेंसी ने रक्षा सूत्रों के हवाले से कहा है कि कराची के गुलशन-ए-इकबाल इलाके से गुरुवार को गिरफ्तार तीन लोगों को इस्लामाबाद ले जाकर पूछताछ करने के लिए पाकिस्तानी और अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों को सौंप दिया गया है।
यह पाकिस्तानी और अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों को इस सप्ताह मिली दूसरी बड़ी सफलता है। इससे पहले अफगानी तालिबान की फौजी शाखा का अब्दुल घानी बरादर पकड़ा गया था।
सूत्रों के मुताबिक अमेरिका सुरक्षा एजेंसी से मिली जानकारी के आधार पर गुरुवार की गिरफ्तारियां की गईं। इन गिरफ्तारियों के लिए छह घंटे से भी अधिक समय तक कार्रवाई चली।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों के नाम अखुंजदा पोपालजई, अमीर माविया और हम्जा हैं।
सूत्रों के मुताबिक माविया को ओसामा बिन लादेन के सहयोगी के तौर पर जाना जाता है और वह टीटीपी व अलकायदा का संचालन कमांडर था। वह पाकिस्तान के विदेशी लड़ाकों का भी कमांडर था और 9/11 की घटना से पहले लादेन के साथ सूडान गया था।
माविया और अन्य दोनों सहयोगी यांत्रिक सामान की खरीददारी के लिए कराची में थे। उन्होंने जो सामान खरीदा उसमें वाशिंग मशीन के टाइमर और टाइम बम में इस्तेमाल होने वाली वस्तुएं थीं।
बरादर की गिरफ्तारी को लेकर विवाद था। गृह मंत्री रहमान मलिक ने गिरफ्तारी की खबर को 'प्रचार' बताया था लेकिन पाकिस्तानी सेना ने बुधवार को इस गिरफ्तारी की पुष्टि की। अमेरिका ने बरादर की गिरफ्तारी को महत्वपूर्ण जीत बताया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications