बांग्लादेश सीमा से लगे राज्यों में बर्ड फ्लू का खतरा : पवार
नई दिल्ली, 18 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय कृषि एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री शरद पवार ने बांग्लादेश की सीमा से लगने वाले राज्यों में बर्ड फ्लू फैलने की आशंका जताई है।
अपने मंत्रालय से संबद्ध संसदीय सलाहकार समिति से पवार ने कहा कि जब तक बांग्लादेश बर्ड फ्लू के शिकंजे में है, तब तक भारतीय राज्यों में भी इसका खतरा है।
समिति की बैठक के दौरान बुधवार को उन्होंने कहा कि हमने पड़ोसी देश को इसके निदान तकनीक और नमूनों के परीक्षण के लिए प्रशिक्षण संबंधी मदद की पेशकश की है।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में शुरुआत हो चुकी है और बांग्लादेश के तीन वैज्ञानिक भोपाल के पशु रोग प्रयोगशाला में तीन महीने पहले प्रशिक्षण ले चुके हैं।
केंद्र सरकार द्वारा बर्ड फ्लू को खत्म करने के संकल्प को दोहराते हुए पवार ने कहा कि इस बीमारी के खिलाफ व्यापक निगरानी कार्यक्रम शुरू किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications