भारत-बांग्लादेश के बीच होगी बिजली की साझेदारी पर बातचीत
ढाका, 18 फरवरी (आईएएनएस)। सरकारी और निजी क्षेत्र की भागीदारी से भारत और बांग्लादेश के बीच सीमा पार बिजली की साझेदारी पर बातचीत होगी।
ऊर्जा सचिव एच. एस. ब्रह्मा की अगुवाई वाला प्रतिनिधिमंडल बांग्लादेश के ऊर्जा प्रभाग के सचिव एम. अबुल कलाम आजाद की अगुवाई वाले दल से शुक्रवार को इस संबंध में बातचीत करेगा।
पिछले महीने बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के भारत दौरे में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर होने के बाद दोनों देशों ने बिजली विनिमय पर एक संचालन समिति गठित की थी।
बांग्लादेश विद्युत विकास बोर्ड (पीडीबी) के अध्यक्ष एस. एम. आलमगीर कबीर ने सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस से कहा कि निजी क्षेत्र के उद्योगपतियों समेत 16 से 18 लोगों का भारतीय प्रतिनिधिमंडल दो दिवसीय वार्ता में हिस्सा लेगा। स्थानीय उद्योगपति भी 19 फरवरी को भारतीय प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत करेंगे।
समझौता ज्ञापन के अनुसार, शुरुआत में 250 मेगावाट बिजली का विनिमय होगा, बाद में इसे एक हजार मेगावाट तक बढ़ाया जा सकता है। इस परियोजना में 20 करोड़ डॉलर की लागत का अनुमान है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications