ब्राजील में कार्निवाल उत्सव के दौरान उपद्रव
साओ पाओलो, 18 फरवरी (आईएएनएस)। साओ पाओलो की कार्निवाल प्रतियोगिता में शीर्ष पुरस्कार पाने का जश्न मना रहे रोसास डी ऑरो सांबा स्कूल के सदस्यों को उस वक्त वापस लौटना पड़ा जब जश्न स्थल के बाहर कुछ लोगों के बीच झगड़ा हो गया।
इस हंगामें की वजह से स्कूल के शीर्ष अधिकारी अपने मुख्यायलय चले गए जबकि वहां मौजूद लगभग 10,000 लोग अपने घरों को लौटने के लिए मजबूर हो गए।
यह झगड़ा मंगलवार रात 10 बजे के आस-पास सांबा स्कूल के बाहर हुआ और पुलिस को वहां बड़ी संख्या में मौजूद लोगों को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।
बहरहाल पुलिस ने हॉल में आंसू गैस का प्रयोग किया। इस हॉल में लोग जीत का जश्न मना रहे थे। आंसू गैस के प्रयोग के बाद लोग कुछ मिनट के अंदर ही उस इमारत से बाहर चले गए।
पुलिस द्वारा आंसू गैस के गोले प्रयोग करने से जलन की शिकायत करने वाले कम से कम 20 लोगों को चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराना पड़ी।
पुलिस का कहना था जब स्कूल के कुछ अधिकारी हॉल के बाहर इस झगड़े को शांत कराने की कोशिश कर रहे थे उसी समय लोगों ने पुलिस वाहनों पर पथराव शुरू कर दिया और पुलिसकर्मियों पर हमला करने का प्रयास किया जिसके जवाब में पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications