भारत की सालाना खाद्य महंगाई दर 18 फीसदी के करीब पहुंची
नई दिल्ली, 18 फरवरी (आईएएनएस)। खाद्य पदार्थो की कीमतों में कमी लाने के सरकार के आश्वासनों के बावजूद छह फरवरी को समाप्त हुए सप्ताह में थोक मूल्यों पर आधारित भारत की सालाना खाद्य महंगाई दर 17.97 फीसदी पहुंच गई।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय से गुरुवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, एक सप्ताह पहले खाद्य वस्तुओं के सूचकांक में सालाना वृद्धि दर 17.94 थी।
आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार इजाफा देखा जा रहा है, इन 52 हफ्तों के दौरान सब्जियों की कीमत में 19.56 फीसदी, आलू में 38.02 फीसदी, दालों में 38.04 फीसदी और फलों में 10.39 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई।
इस दौरान प्राथमिक वस्तुओं के सूचकांक में 16.23 फीसदी और ईंधन में 9.89 फीसदी की वृद्धि हुई।
केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने बुधवार को कहा था कि महंगाई रोकने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदम कुछ दिनों में असर दिखाने लगेंगे। अगले दो महीनों के भीतर महंगाई में कमी आ जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications