हंसते-हंसते खा जाता है हजारों काली मिर्च
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद के प्रेमपुरी क्षेत्र में रहने वाले 45 साल के प्रमोद गुप्ता का अजीबो-गरीब शौक यह है कि वह रोजाना हजारों काली मिर्च खाने का आदी है। उनकी इस अजीबो-गरीब आदत से परिवार वाले भी दुखी हैं लेकिन अब यह उसका एक बड़ा शौक बन चुका है।
मुजफ्फरनगर में उनका नाम 'दी ब्लैक पिम्पर मैन' भी है। वह प्रतिदिन जब काली मिर्च खाते हैं तो मुंह इस तरह से चलाता है जैसे वह मूंगफली की गिरी या काजू खा रहा हो। खालिस काली मिर्च खाने में वह किसी अन्य खाद्य पदार्थ की भी सहायता नहीं लेता है।
प्रमोद गुप्ता के अनुसार वह सुबह नाश्ते के समय एक हजार काली मिर्च खा लेता है। जबकि चाय भी वह बिना काली मिर्च वाली नहीं पीता है। उसकी इच्छा है कि उसके इस शौक को गिनीज एंड लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्डस में दर्ज किया जाए।
प्रमोद के इस शौक के लाभ के बारे में उसका कहना है कि वह बर्फ पड़ती कड़कड़ाती ठंड में भी केवल एक हॉफ शर्ट में बर्फ के बीच जा सकता है। वह हॉफ शर्ट और पैंट में सर्दी के मौसम में जम्मू और श्रीनगर घूम चुका है लेकिन उसे कभी भी ठंड महसूस नहीं हुई। वह इसके पीछे काली मिर्च खाने के शौक को वजह मानता है।
प्रमोद गुप्ता अपने इस शौक के साथ ही समाजसेवा में दिलचस्पी रखता है। वह करीब दस से अधिक बार रक्त दान कर जरूरतमंद लोगों को रक्त दे चुका है। प्रमोद के काली मिर्च खाने के बारे में सुनकर ही आम आदमी के पसीने छूट जाते हैं। स्वास्थ्य के लिहाज से भी यह कदम खतरनाक हो सकता है।
उसकी इस आदत के बारे में प्रसिद्ध चिकित्सक डा़ ज्ञानेन्द्र कुमार का कहना है कि बड़ी संख्या में एक साथ काली मिर्च खाने से पेट संबंधी बीमारियां हो सकती हैं। कई तरह की बीमारियों के साथ ही पेट में गैस, अफारे का होना व ब्लड प्रेशर संबंधी दिक्कतें सामने आ सकती हैं। वह आश्चर्य व्यक्त करते हैं कि एक सामान्य व्यक्ति किस तरह से इस अजीबो-गरीब शौक को अपनी जिन्दगी में हर दिन जिंदा रखे हुए है। उनका कहना है कि उसके इस शौक को दोहराना किसी आम व्यक्ति के लिए घातक भी सिद्ध हो सकता है।
यही नहीं गुप्ता का इस शौक के साथ ही जीवन में एक दूसरा वसूल यह है कि वह कभी अपने साथ मोबाइल फोन नहीं रखता है और उसने जीवन में अब तक कभी भी टीवी नहीं देखा है। मोबाइल न रखने के बारे में उसका मानना है कि यह झूठ बोलने की मशीन है जो इंसान को झूठ बोलने पर मजबूर करती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications